ओडिशा में एक के बाद एक-दूसरे से टकराईं 3 ट्रेनें, अबतक 280 लोगों की मौत, 900 से ज्यादा घायल

Sanchar Now
7 Min Read

भुवनेश्वर। ओडिशा के बालासोर में बहानागा स्टेशन के पास शुक्रवार की शाम 3 ट्रेनों के बीच हुई भीषण भिड़ंत में 280 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई है। वहीं, 900 से अधिक लोग घायल हैं। जिनका आसपास के निजी व सरकारी अस्पतालों में उपचार जारी है। अभी भी कई लोग मलबे में दबे हुए है। फिलहाल, राहत व बचाव कर्मी फंसे लोगों को बचाने में लगे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रेल हादसे पर दुख जताया। उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की और स्थिति का जायजा लिया। इधर, कोरोमंडल ट्रेन हादसे के बाद आज सुबह रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव भुवनेश्वर पहुंच गए हैं। रेल मंत्री स्पेशल फ्लाइट से ओडिशा पहुंचे। रेल मंत्री ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। वहीं, पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी आज हादसे वाली जगह पर पहुंचेंगी।

जानकारी के मुताबिक सर एम विश्वेश्वरैया टर्मिनल-हावड़ा सुपरफास्ट एक्सप्रेस की दो बोगियां पहले खड़गपुर से करीब 140 किमी दूर दक्षिण पूर्व रेलवे के खड़गपुर डिवीजन के बहानगा बाजार स्टेशन के पास शाम करीब 7.10 बजे पटरी से उतर गईं। इसी दौरान दूसरे ट्रैक पर विपरीत दिशा से आ रही चेन्नई जाने वाली शालीमार-चेन्नई कोरोमंडल एक्सप्रेस (12841) ने बहुत तेज गति से पटरी से उतरे बोगियों को टक्कर मार दी। टक्कर से कोरोमंडल एक्सप्रेस के 12 डिब्बे पटरी से उतर गए। ट्रेन के पटरी से उतरे कुछ डिब्बे समानांतर ट्रैक पर खड़ी मालगाड़ी से टकरा गए।

हादसे के बाद मची चीख पुकार

हादसे के बाद यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हर तरह सिर्फ चीख-पुकार और दर्द से कर्राह रहे लोगों की आवाज सुनाई दे रही थी। हादसे में मरने वालों की संख्या सुबह तक 280 पहुंच गई है। वहीं, 900 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे है। जिनमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसा इतना भीषण था कि मालगाड़ी से टकराने के बाद स्लीपर के 3 कोच छोड़कर बाकी के डिब्बे पटरी से उतर गए। तलाशी और बचाव अभियान के लिए टीमें मौके पर पहुंची हैं। कोरोमंडल ट्रेन पश्चिम बंगाल के शालीमार स्टेशन से निकलती है और चेन्नई के पुरची थलाइवर डॉ. एमजी रामचंद्रन सेंट्रल रेलवे स्टेशन तक जाती है। ट्रेन ने दोपहर 3:30 बजे अपनी यात्रा शुरू की और बालासोर स्टेशन पर शाम 6:30 बजे पहुंची। इसे शनिवार शाम 4:50 बजे चेन्नई पहुंचना था।

पढ़ें  NHAI की वेबसाइट पर लिस्ट हुआ एनुअल FASTag पास, कैसे आवेदन करें और कहां करेगा काम?

पीएम मोदी ने जताया दुख

पीएम मोदी ने हादसे पर दुख जताते हुए कहा कि ओडिशा में ट्रेन हादसे से दुखी हूं। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं। घायल जल्द स्वस्थ हों। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से बात की और स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटनास्थल पर बचाव कार्य जारी है और प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता दी जा रही है।

मृतकों के परिजनों को 10-10 लाख देने की घोषणा

हादसे के बाद रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव आज सुबह ओडिशा पहुंच गए है। रेल मंत्री ने घटना स्थल पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। साथ ही राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। रेल मंत्री ने कहा कि मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपए, गंभीर रूप से घायल लोगों को 2 लाख रुपए और मामूली रूप से घायल लोगों को 50,000 रुपए दिए जाएंगे। इससे पहले रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बालासोर रेल हादसे पर दुख जताया और राहत कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह दुखद घटना है और बचाव कार्य जारी है। रेलवे की टीम खडकपुर और भुवनेश्वर और साथ में NDRF, SDRF और स्थानीय टीम मौके पर तुरंत रवाना हो गई थीं। घायल और मृतकों को तुरंत अस्पताल ले गए हैं। हमने उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए हैं जिससे दुर्घटना का कारण का पता लग सके।’ वहीं, बालासोर के दमकल अधिकारी रमेश चंद्र मांझी ने बताया कि ओडिशा फायर सेवा की तरफ से यहां 20 गाड़ियां और 250 अधिकारी और कर्मी मौजूद हैं। हमारे विभाग की तरफ से 300 से अधिक लोगों को बचाया गया है। हम अभी मृतकों की संख्या नहीं बता सकते क्योंकि अभी हम बचाव कार्य में लगे हैं।

पढ़ें  चमोली THDC टनल हादसा: टीबीएम साइट पर लोको ट्रेन आपस में टकराई, हादसे में 100 मजदूर घायल

ओडिशा में एक दिन का राजकीय शोक

2 जून 2023 को बालेश्वर ज़िले के बहानागा में हुई रेल दुर्घटना के मद्देनजर रखते हुए ओडिशा के मुख्यमंत्री नवीन पटनायक ने एक दिन के राजकीय शोक का आदेश दिया है। पूरे राज्य में 3 जून को कोई उत्सव नहीं मनाया जाएगा। सूचना और जनसंपर्क विभाग, ओडिशा की तरफ से यह जानकारी जारी की गई। हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए ओडिशा के सीएम ने ट्वीट किया कि बाल्टीमोर बान में करमंडल एक्सप्रेस दुर्घटना के बारे में जानकर मैं चिंतित हूं। यह वास्तव में बहुत ही हृदय विदारक दुर्घटना है। राजस्व मंत्री और एसआरसी ने मौके का दौरा किया और सभी कार्यों की निगरानी करने का निर्देश दिया। सभी के लिए अच्छा इलाज सुनिश्चित करना और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना।

हेल्पलाइन नंबर जारी

इस भीषण हादसे के बाद हेल्पलाइन नंबर (67822 62286) जारी किया गया है। सरकार ने निम्न हेल्पलाइन नंबर प्रदान किए हैं – 033- 26382217, 8972073925, 67822 62286, 9332392339. चेन्नई में कंट्रोल ऑफिस व स्पेशल बूथ खोला गया है। वहां हेल्प लाइन नंबर 044- 25330952, 044-25330953 और 044-25354771 पर संपर्क किया जा सकता है।

5 ट्रेनों को किया रद्द, वंदे भारत एक्सप्रेस का समारोह रद्द

हादसे के कारण दक्षिण पूर्व रेलवे की ओर से अभी तक 5 ट्रेनों को रद्द किया गया है। पुरी एक्सप्रेस 12837, यशवंतपुर एक्सप्रेस 12863, संतरागाछी पुरी स्पेशल 02837, शालीमार-संबलपुर 20831, चेन्नई मेल 12839 को रद्द किया गया है।ओडिशा के बालासोर में भयानक ट्रेन दुर्घटना के बाद गोवा-मुंबई वंदे भारत एक्सप्रेस का समारोह रद्द कर दिया गया है। यह जानकारी कोंकण रेलवे के अधिकारियों की तरफ से दी गई। इस ट्रेन को पीएम मोदी ने हरी झंडी दिखा कर रवाना करना था। हादसे को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।

पढ़ें  भारी पड़ सकता है सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाना, विधि आयोग ने सख्त नियम बनाने का दिया सुझाव
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment