UP: एक्सिस बैंक में हुई थी 36 लाख की लूट, अब जाकर पकड़ में आया बदमाश; 30 लाख बरामद

Sanchar Now
5 Min Read

शामलीः एक्सिस बैंक शाखा शामली से 01 अक्टूबर 2024 को हुई 40 लाख रुपये की लूट की वारदात का पुलिस ने रविवार को खुलासा कर दिया. पुलिस ने अपने ही ट्रक पर ड्राइवर के रूप में काम करने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार करते हुए उसके कब्जे से 30.30 लाख रुपये बरामद किए हैं. आरोपी ने बताया कि उसने कर्ज के चलते वारदात को अंजाम दिया.

क्या है पूरा मामला?
दरअसल, 01 अक्टूबर 2024 को शामली के धीमानपुरा में स्थित एक्सिस बैंक की शाखा में चेहरे पर मास्क लगाकर एक शख्स मैनेजर नमन जैन के केबिन में दाखिल हुआ था. उसने मैनेजर को एक सुसाइड नोट दिखाया था, जिसमें लिखा हुआ था कि यदि 10 मिनट के अंदर 40 लाख रुपये कैश का इंतजाम नहीं किया, तो वह गोली मारकर मैनेजर की हत्या कर देगा और उसके बाद खुद भी आत्महत्या कर लेगा. घबराए मैनेजर ने कैशियर को बुलाकर आरोपी को 40 लाख रुपये का कैश थमा दिया था. इसके बाद आरोपी बैंक शाखा से फरार हो गया था.

डीआईजी ने किया घटना का खुलासा
डीआईजी सहारनपुर अजय कुमार साहनी ने रविवार को शामली पुलिस लाइन में बेंक लूट की वारदात का खुलासा किया. डीआईजी ने बताया कि पुलिस ने वारदात में शामली के लिलौन गांव निवासी अमरजीत सिंह को गिरफ्तार किया है, जो पेशे से अपने ही ट्रक पर चालक के रूप में काम करता है. उसकी एक दूसरे डंफर में भी साझेदारी है. डीआईजी ने बताया कि अमरजीत पर 18-20 लाख रुपये का कर्ज था और ट्रक का लोन भी चल रहा था, जिसके चलते उसने बैंक लूट की वारदात को अंजाम दिया.

पढ़ें  दामाद ने सास और ससुर की धारदार हथियार से की हत्या, गिरफ्तार; कई वर्षों से पत्नी से चल रहा था विवाद

5 टीमों ने की मशक्कत, खंगाले गए 700 से अधिक कैमरे
डीआईजी ने बताया कि बैंक लूट के खुलासे के लिए पांच टीमें लगाई गई थी. उनके द्वारा 700 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई और सर्विलांस के जरिए कई फोन नंबरों की निगरानी भी की गई. जांच के दौरान पुलिस को एक्सिस बैंक के खाताधारक अमरजीत के बारे में अहम सुराग मिले, जिसने 25 सितंबर को बैंक में जाकर लूट के लिए पहली कोशिश की थी, लेकिन वह असफल रहा. इसके बाद वह 1 अक्टूबर को वापस लौटा और लूट को सफलतापूर्वक अंजाम दिया.

इस्तेमाल की फर्जी नंबर प्लेट, कैराना से लाया हथियार
एसपी शामली रामसेवक गौतम ने बताया कि अमरजीत ने वारदात के दौरान अपनी बाइक पर फर्जी नंबर प्लेट का इस्तेमाल किया था और उसने यह भी बताया कि वारदात के दौरान इस्तेमाल किए गए हथियार कैराना निवासी मोहम्मद दिलशाद नाम के शख्स से खरीदे थे, जिस संबंध में जांच पड़ताल की जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि अमरजीत दो बच्चों का पिता है और पूछताछ में उसने बताया है कि बैंक लूट के बाद उसे केवल 36 लाख रुपये का कैश मिला था, जिसमें से उसने कुछ पैसे निजी कर्ज चुकाने में खर्च कर दिए. एसपी ने बताया कि बैंक से लूटी गई शेष राशि बरामद करने के लिए आरोपी को रिमांड पर लेकर सघन पूछताछ की जाएगी.

धमकी से सहम गया था मैनेजर
खुलासे के दौरान पुलिस लाइन में पहुंचे बैंक मैनेजर नमन जैन ने बताया कि बैंक शाखा 40 लाख रुपये का कैश ही लूटा गया था, जिसकी पुष्टि सीसीटीवी फुटेज के रिकार्ड से भी की जा सकती है. मैनेजर ने बताया कि जब आरोपी उनके केबिन में घुसा और सुसाइड नोट के जरिए जान से मारने की धमकी दी, तो वो डर गए थे और इसी के चलते विरोध नहीं कर सके.

पढ़ें  शराब घोटाला मामला: 12 जुलाई को वर्चुअल मोड से कोर्ट में पेश होंगे दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल

पुलिस टीम को 50 हजार का इनाम
डीआईजी साहनी ने बताया कि वारदात के खुलासे में शामिल पुलिस टीमों के लिए 50,000 रुपये का इनाम और प्रशस्ति पत्र की घोषणा की गई है. गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से अपराध में इस्तेमाल किए गए दो तमंचे, दो कारतूस, बाइक, कपड़े और एक बैग भी बरामद किया गया है.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment