हाथरस में यमुना एक्सप्रेस-वे पर चलती स्लीपर बस में लगी आग, यात्रियों ने कूदकर बचाई जान

Sanchar Now
3 Min Read

हाथरस। छठ महापर्व के चलते बिहार जाने के लिए नोएडा से आगरा के रेलवे स्टेशन आ रहे लोगों से भरी स्लीपर कोच बस रविवार देर शाम यमुना एक्सप्रेसवे पर आग का गोला बन गई। इस निजी बस के इंजन से धुआं उठते ही चालक ने ब्रेक लगा दिए। आग फैलती उससे पहले ही सभी यात्री अपना सामान लेकर उतर गए। लपटें दूर तक दिख रही थीं। दमकल आने से पहले ही पूरी बस फुंक चुकी थी। करीब एक घंटे बाद आग पर काबू पाया जा सका। नंबर प्लेट से लेकर सीट आदि कुछ न बचा।

चालक -परिचालक भाग गए। बस किस ट्रैवल्स की है, यह जानने के प्रयास में पुलिस जुटी हुई है। आग लगने का कारण शार्टसर्किट बताया जा रहा है। बस में 40 यात्री थे। सभी बिहार के रहने वाले हैं। नोएडा में रहकर अलग-अलग कंपनियों में काम करते हैं। इनके कुछ साथी आगरा में रहते हैं। इसके चलते सभी ने आगरा फोर्ट से ट्रेन में एक साथ जाना तय किया। इसी हिसाब से सीट आरक्षित कराई।

इंजन में उठ रहा था धुआं

रविवार को दोपहर नोएडा से निजी बस से आगरा के लिए रवाना हुए। रात करीब आठ बजे वोल्वो स्लीपर कोच यह बस यमुना एक्सप्रेसवे पर माइलस्टोन 143 को पार कर सादाबाद क्षेत्र के गांव मिढ़ावली के निकट आई तभी इंजन से धुआं उठने लगा। अन्य वाहन चालकों ने इसकी जानकारी चालक को दी। तब तक धुआं अंदर नजर आने लगा। यह देख यात्री घबरा गए।

यात्री तेजी से सामान लेकर उतरे

चालक ने बस को रोक दिया। यात्री तेजी से अपना सामान लेकर बस से उतर गए तभी आग की लपटें उठने लगीं। सूचना पर यमुना एक्सप्रेसवे की पेट्रोलिंग गाड़ी और कोतवाली सादाबाद पुलिस पहुंच गई। करीब पौने नौ बजे सादाबाद से दमकल पहुंचीं तब तक बस आग का गोला बन चुकी थी। कुछ देर बाद ही मथुरा से दमकल आ गई। करीब नौ बजे आग पर काबू पाया जा सका। जब तक बस पूरी तरह खाक हो चुकी थी।

पढ़ें  शराब के लिए पैसे नहीं दिए तो मां का मर्डर, दरवाजा तोड़कर घुसा हैवान बेटा, सिर को ईंट से कूच डाला

बाद में आगरा व हाथरस की दमकलें भी पहुंच गईं। पुलिस ने यात्रियों को अन्य वाहनों से आगरा के लिए रवाना किया। इनमें बच्चे व महिलाएं भी शामिल थीं। सीओ हिमांशु माथुर ने बताया कि बस में शार्ट सर्किट से आग लगी है। चालक और परिचालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गए। यात्री अपने सामान को निकाल कर बाहर आ गए थे। किसी को कोई चोट नहीं आई है। यात्रियों का कोई नुकसान नहीं हुआ है। किस ट्रैवल्स की बस है, यह पता किया जा रहा है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment