महिला के रुपये लेकर भागने वाले हरियाणा के बदमाश से पुलिस की मुठभेड़, गिरफ्तार

Sanchar Now
3 Min Read

कोतवाली खुर्जा नगर क्षेत्र के तेलियाघाट फ़ांटक के निकट महिला को अपना जानकार बताकर स्कूटी सवार शातिर 20 लाख रुपए और आभूषण का बैग लेकर फुर्र हो गया था। मामले में पुलिस आरोपी की तलाश कर रही थी। पुलिस की उक्त बदमाश से जंक्शन रोड स्थित मदनपुर गेट के निकट मुठभेड़ हुई। जिसमें बदमाश के पैर में गोली लगी है। पुलिस ने बदमाश को लूटे हुए 20 लाख रुपए, तमंचा मय दो जिंदा व एक खोखा कारतूस और घटना में प्रयुक्त एक स्कूटी बरामद करते हुए गिरफ्तार किया है। सीओ खुर्जा भास्कर मिश्रा ने बताया कि विगत 17 नवंबर को हरियाणा के पलवल निवासी संगीता अपने दोनों बच्चों के साथ अपने मायके धराऊ आ रही थी। उसके पास 20 लाख रुपए थे। इसी दौरान तेलियाघाट फ़ांटक के निकट संगीता को अपना जानकार बताते हुए स्कूटी सवार शातिर बदमाश रुपयों और आभूषण के बैग को लेकर चला गया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। साथ ही छह टीमें आरोपी की तलाश कर रहीं थी। आसपास के सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले गए। जिसमें आरोपी कैद हो गया। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरों में कैद आरोपी की तलाश शुरू कर दी। बुधवार की रात एक सूचना के आधार पर पुलिस जंक्शन रोड स्थित मदनपुर गेट पर चैकिंग कर रही थी। इसी दौरान जेवर की ओर से एक स्कूटी पर संदिग्ध व्यक्ति आता हुआ दिखाई दिया। जिसको रूकने का इशारा किया गया, तो वह नही रुका। बल्कि स्कूटी को तेजी से लेकर भागने लगा। जिसपर पुलिस टीम ने बदमाश का पीछा किया। कुछ दूरी पर रेलवे लाइन के निकट बदमाश की स्कूटी अनियंत्रित होकर फिसल गयी। बदमाश ने खुद को पुलिस से घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी फायरिंग में बदमाश के पैर में गोली लग गई। जिससे वह घायल हो गया। जिसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम शिवकुमार पुत्र प्रकाश निवासी ग्राम छायसा जनपद फरीदाबाद हरियाणा बताया। घायल बदमाश को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। बदमाश के पास से अवैध असलहा, कारतूस, 20 लाख रुपये व घटना में प्रयुक्त 01 स्कूटी बरामद हुई है।

पढ़ें  दिल्ली के होटल में चल रहा था 'गंदा काम', 5 लड़कियों सहित 6 लोग गिरफ्तार

बदमाश पर दर्ज हैं 13 मुकदमे

सीओ ने बताया कि आरोपी पर गौतमबुद्ध नगर के थाना जेवर में चार, थाना दनकौर में दो, सिकंदराबाद में तीन, थाना सूरजपुर में एक, थाना ककोड़ में एक, और थाना खुर्जा नगर में दो सहित 13 मुकदमे गैंगस्टर आदि अन्य धाराओं में दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment