ग्रेटर नोएडा के वेनिस मॉल में ईडी का छापा, चार गाड़ियों में पहुंचे अधिकारी

Sanchar Now
2 Min Read

ग्रेटर नोएडा के मशहूर वेनिस मॉल में आज ईडी की छापामारी जारी है। ईडी की टीम सुबह 7 बजे ही मॉल में अचानक छापेमारी करने पहुंच गई थी। ईडी की टीम चार इनोवा गाड़ियों में पहुंची और मॉल के ऑफिस में कागजात खंगाल रही है। जानकारी के अनुसार, डीएस ग्रुप और वेनिस मॉल के मालिक सत्येंद्र उर्फ मोनू भसीन के बीच काफी दिनों से पार्टनरशिप को लेकर विवाद चल रहा था। कहा जा रहा है कि ईडी की टीम इसी मामले में जांच करने के मॉल के ऑफिस पहुंची है।

रियल एस्टेट धोखाधड़ी का आरोप

मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, नोएडा की एक प्रॉपर्टी (रियल एस्टेट) को लेकर ये कार्रवाई की गई। कंपनी के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग के तहत जांच की जा रही है। मॉल के मालिक पर आरोप है कि उसने रियल एस्टेट में लोगों के साथ धोखाधड़ी की है। घर खरीदने वालों से लगभग 40 करोड़ रुपए ठगे हैं। सूत्रों के अनुसार, भासिन इन्फोटेक एंड इंफ्रास्ट्रक्चर प्राइवेट लिमिटेड कंपनी, उसके मालिक सत्येंद्र सिंह भासिन और कंपनी के डायरेक्टर और कुछ अन्य लोगों की जांच की जा रही है।

दिल्ली, नोएडा और गोवा में भी छापेमारी

ईडी की कार्रवाई को लेकर कंपनी के मालिक या उसके डायरेक्टर से बात नहीं हो सकी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, ईडी के अधिकारी मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम अधिनियम के तहत ग्रेटर नोएडा के कुछ ठिकानों पर छापेमारी कर रहे हैं। इसमें से ही एक ठिकाना ग्रेटर नोएडा का वेनिस मॉल भी है। इसके अलावा, नोएडा, दिल्ली और गोवा के कुछ इलाकों में भी छापेमारी की जा रही है।

पढ़ें  एक साल से जेल में बंद अवैध गांजे के आरोपी ने अपना जुर्म किया कबूल, अदालत ने किया बरी

40 FIR के आधार पर छापेमारी

ईडी की ये जांच लगभग 40 एफआईआर के आधार पर की जा रही है। इन पुलिस एफआईआर में कंपनी में निवेश करने वाले निवेशकों ने कंपनी और उसके मालिक के खिलाफ शिकायत दी थी, जिनमें कहा गया है कि उन्हें कथित तौर पर वादे के मुताबिक घर नहीं मिले, जिसके लिए उन्होंने निवेश किया था। इन लोगों से लगभग 40 करोड़ रुपए की ठगी को अंजाम दिया गया है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment