घर में सोए दंपति पर बदमाशों ने लोहे की रॉड से किया हमला, पत्नी की मौत, पति घायल

Sanchar Now
3 Min Read

हमीरपुर के राठ कोतवाली क्षेत्र के चिल्ली गांव में गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया. अज्ञात हमलावरों ने सोते समय एक दंपति पर लोहे की रॉड से जानलेवा हमला कर दिया. इस क्रूर हमले में 26 वर्षीय गीता की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उसका 30 वर्षीय पति अनिल कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया. अनिल को प्राथमिक उपचार के बाद उरई मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है.

हैरानी की बात यह है कि घटना के दौरान दंपति के साथ सो रही उनकी तीन साल की बेटी जाह्नवी को हमलावरों ने छुआ तक नहीं.

ये है मामला

पुलिस के अनुसार, यह खौफनाक वारदात उस समय हुई जब पूरा गांव गहरी नींद में था. प्रारंभिक जांच में संभावना जताई जा रही है कि चोरी की नीयत से घर में घुसे बदमाशों ने दंपति की नींद खुलने पर लोहे की रॉड से उन पर ताबड़तोड़ हमला किया. गीता के सिर पर गंभीर चोटें आईं, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई. वहीं, अनिल कुमार को गंभीर हालत में पहले राठ सीएचसी ले जाया गया, जहां से उसे उरई मेडिकल कॉलेज भेजा गया.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही राठ कोतवाली पुलिस, डॉग स्क्वाड और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची. कोतवाल रामआसरे सरोज ने घटनास्थल की बारीकी से जांच शुरू की और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए कब्जे में लिया. एसपी डॉ. दीक्षा शर्मा ने भी घटनास्थल का दौरा किया और जांच का जायजा लिया. उन्होंने बताया कि पुलिस की कई टीमें मामले की तह तक जाने के लिए काम कर रही हैं. सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है.

पढ़ें  भतीजे पर एक्शन-भाई के भरोसे… मायावती का बड़ा ऐलान- मेरे जीते जी मेरा कोई उत्तराधिकारी नहीं

स्थानीय लोगों में दहशत

शोर और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए. गीता के चचेरे भाई यशवंत ने घटना पर दुख जताते हुए बताया कि बदमाशों ने बेरहमी से हमला किया, लेकिन मासूम जाह्नवी को कोई नुकसान नहीं पहुंचाया. इस घटना ने पूरे गांव में दहशत का माहौल पैदा कर दिया है.

कारण तलाश रही पुलिस

पुलिस का मानना है कि हमलावरों का मकसद चोरी हो सकता है, लेकिन दंपति के जागने पर उन्होंने हत्या जैसा जघन्य अपराध कर डाला. हालांकि, हमलावरों ने बच्ची को न छूने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. पुलिस फॉरेंसिक साक्ष्यों और स्थानीय लोगों के बयानों के आधार पर हमलावरों की तलाश में जुट गई है.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment