अहमदाबाद में एअर इंडिया का विमान हादसा: 100 से ज्यादा शव बरामद, पूर्व मुख्यमंत्री रूपाणी सहित 242 यात्री थे सवार

Sanchar Now
5 Min Read

संचार नाउ, अहमदाबाद। गुजरात के अहमदाबाद में आज सुबह एक ऐसा विमान हादसा हुआ, जिसे दशकों तक याद रखा जाएगा। एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171, जो अहमदाबाद से लंदन जा रही थी, टेक-ऑफ के कुछ ही मिनटों बाद तकनीकी खराबी के चलते दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में अब तक 100 से ज्यादा शव बरामद किए जा चुके हैं। विमान में कुल 242 लोग सवार थे, जिनमें से 169 भारतीय और 53 ब्रिटिश नागरिक थे। बताया जा रहा है कि इन यात्रियों में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी भी शामिल थे।

कैसे हुआ विमान हादसा?

एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171ने सुबह 5:45 बजे अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरी। टेक-ऑफ के महज 7 मिनट बाद, विमान के इंजन नंबर-2 में विस्फोट हुआ और विमान तेजी से नीचे गिरा। कुछ चश्मदीदों के अनुसार, विमान रिहायशी मैदान में गिरा और उसके कुछ ही सेकंड में आग की तेज़ लपटें उठने लगीं।

दमकल और राहत बचाव अभियान

घटना की सूचना मिलते ही दमकल की 12 गाड़ियाँ, NDRF, स्थानीय पुलिस, और एयरफोर्स की इमरजेंसी टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। लगभग 6 घंटे चले राहत और बचाव अभियान में अब तक 100 से अधिक शवों को बरामद किया गया है, जबकि कई झुलसे हुए घायलों को अहमदाबाद के सिविल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।

विमान में कौन-कौन सवार था?

  • यात्रियों की कुल संख्या: 242
  • क्रू मेंबर्स: 16
  • भारतीय नागरिक: 169
  • ब्रिटिश नागरिक: 53
  • विशेष जानकारी: विमान में पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी सहित 242 लोग सवार थे।
पढ़ें  ऑपरेशन सिंदूर- भारत ने पाकिस्तान पर की एयर स्ट्राइक... तबाह हुए आतंकी ठिकाने

अब तक पुष्टि हुई है कि रूपाणी जी के निजी सहायक का शव बरामद हुआ है, लेकिन पूर्व मुख्यमंत्री की स्थिति पर अभी कोई अधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

तकनीकी कारण और जांच

DGCA के अनुसार, प्रारंभिक रिपोर्ट में संकेत मिला है कि विमान के लेफ्ट इंजन में ऑयल लीकेज और इलेक्ट्रॉनिक फॉल्ट की वजह से इंजन ब्लास्ट हुआ। DGCA, एयर इंडिया तकनीकी टीम, और बोइंग कंपनी ने संयुक्त जांच शुरू कर दी है। ब्लैक बॉक्स रिकवर कर लिया गया है और उसे विश्लेषण के लिए दिल्ली भेजा गया है।

सरकार और प्रशासन की प्रतिक्रिया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने घटना पर गहरा शोक जताया है। प्रधानमंत्री ने कहा:

“ये दिल तोड़ने वाला है, जिसे शब्दों में नहीं बताया जा सकता. इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उन सबके साथ हैं जो इससे प्रभावित हुए हैं. मैं हादसे से प्रभावितों की मदद करने में लगे हुए मंत्रियों और अधिकारियों से संपर्क में हूं.”

वही एयर इंडिया के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन ने कहा कि

“बहुत दुख के साथ मैं ये पुष्टि करता हूं कि अहमदाबाद से लंदन गैटविक जा रहे एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या 171 आज हादसे का शिकार हुई है. इस भयावह हादसे से प्रभावित लोगों के परिवारों और प्रियजनों के साथ हमारी गहरी संवेदनाएं हैं. फिलहाल हमारी प्राथमिकता सभी प्रभावितों और उनके परिवारों को सहायता देने की है. हम मौके पर मौजूद इमरजेंसी रिस्पॉन्स टीमों की मदद करने और हादसे के प्रभावितों के लिए ज़रूरी मदद पहुंचाने के लिए हर संभव प्रयास कर रहे हैं. एक इमरजेंसी सेंटर एक्टिवेट किया जा चुका है और जिन परिवारों को सूचना चाहिए, उनके लिए सपोर्ट टीमें भी बनाई गई हैं.”

मुख्यमंत्री भूपेन्द्र पटेल तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और पीड़ितों के परिवार से मुलाकात की।

पढ़ें  जैश-ए-मोहम्मद दो आतंकियों को 7 साल की सजा, शाहनवाज यूपी में खड़ी कर रहा था फौज

पिछले 10 वर्षों में सबसे भयावह विमान हादसा

यह हादसा भारत के उड्डयन इतिहास में 2010 के मैंगलोर विमान हादसे के बाद सबसे बड़ा विमान हादसा माना जा रहा है। जहां एक ओर एयर इंडिया की सेफ़्टी प्रोसीजर पर सवाल उठे हैं, वहीं दूसरी ओर यह हादसा विमानन क्षेत्र की गंभीर कमजोरियों की ओर इशारा करता है।

एअर इंडिया की फ्लाइट AI-171 की यह भयावह त्रासदी केवल एक तकनीकी चूक नहीं, बल्कि व्यवस्था के हर स्तर पर मौजूद खामियों की भयावह तस्वीर है। 242 सपनों से भरा वह विमान आज राख बन गया, लेकिन यह आग अब पूरे देश में जवाबदेही और सुधार की मांग जगा रही है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment