संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर ओमीक्रोन-1ए स्थित पेपलेश्वर महादेव समिति के तत्वावधान में आज तुलसी विवाह का शुभ और भव्य आयोजन संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक परंपराओं के अनुरूप आयोजित इस पवित्र विवाह समारोह में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। भक्ति और उल्लास से पूरा माहौल गुंजायमान हो उठा। जैसे ही विवाह की विधि सम्पन्न हुई, उपस्थित भक्तों ने जय-जयकार के साथ जय शालिग्राम और जय तुलसी माता के नारे लगाए, जिससे पूरा वातावरण भक्ति रस में डूब गया।

दरअसल, सुबह से ही मंदिर परिसर को पुष्पमालाओं से सजाया गया था। भगवान विष्णु के स्वरूप शालिग्राम जी और माता तुलसी का विवाह वेदपाठी ब्राह्मणों द्वारा वैदिक विधि-विधान से सम्पन्न कराया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधिवत पूजन एवं गणेश वंदना से हुआ। कार्यक्रम में सेक्टर के सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे। पेपलेश्वर महादेव समिति के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता आयोजन की सफलता में सक्रिय रूप से जुटे रहे।
मुख्य आयोजनकर्ता उषा गोसाई ने बताया कि तुलसी विवाह न केवल धार्मिक परंपरा है, बल्कि यह भक्ति, सदाचार और पवित्र पारिवारिक जीवन का प्रतीक भी है। शालिग्राम और तुलसी के पावन मिलन के उपरांत भजन-संध्या का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय भक्तों और कलाकारों ने श्री कृष्ण और तुलसी महामहिमा पर आधारित भावपूर्ण भजन प्रस्तुत किए। भजनों की स्वर-लहरियों से वातावरण भक्तिमय हो गया। इसके बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरण किया गया और सभी ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
समिति के सदस्यों ने बताया कि हर वर्ष की भांति इस बार भी तुलसी विवाह से पहले एक सप्ताह तक विशेष पूजा-अर्चना, सत्संग और सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया था। यह आयोजन समाज में धर्म, एकता और सद्भाव की भावना को सशक्त करने का माध्यम है। धार्मिक आस्था से भरा यह उत्सव घर-घर में खुशियों का संदेश देता है और भक्ति की भावना को जन-जन तक पहुंचाता है।












