बॉलीवुड एक्ट्रेस तापसी पन्नू इन दिनों अपनी फिल्म ‘अस्सी’ को लेकर चर्चा में बनी हुई हैं. एक इंटरव्यू के दौरान एक्ट्रेस ने कहा कि देश में रेप के केस बढ़ रहे हैं. आज 10 साल का लड़का भी इसका अपराधी है. हम कहां जा रहे हैं? अगर बच्चे गलत दिशा में जा रहे हैं तो कहीं न कहीं हम भी उनके जिम्मेदार हैं.
तापसी मंगलवार को जयपुर में अपनी फिल्म का प्रमोशन कर रही थीं इस दौरान उन्होंने समाज में बढ़ रहे अपराधों पर अपनी चिंता जताते हुए कहा कि अब रेप जैसे अपराधों के लोग आम खबरों की तरह लेने लगे हैं.
एक्ट्रेस ने समाज में बढ़ते यौन अपराध और बच्चों की गलत परवरिश के ऊपर बात की. तापसी ने कहा कि देश में हर दिन करीब 80 रेप केस सामने आ रहे हैं. समाज को इन्हें लेकर अब पर्सनल होने की जरूरत है.
तापसी ने कहा कि मैं दिल्ली की रहने वाली हूं. जब भी उससे जुड़ी कोई बुरी खबर देखती हूं तो दिल दहल जाता है. जब इतने छोटे बच्चे हिंसक और विकृत सोच तक पहुंच रहे हैं तो कहीं न कहीं हम भी गलती कर रहे हैं. उनके मुताबिक, ये मामला कानून व्यवस्था के अलावा परवरिश और शिक्षा और आसपास के माहौल का भी ध्यान देना चाहिए.
तापसी पन्नू ने कहा कि ऐसे मामलों में बच्चों की मानसिक स्थिति को समझा जाए और समय रहते उन्हें सही दिशा दिखाई जाए. एक्ट्रेस ने साफ किया कि अगर वक्त रहते इसे नहीं समझा गया तो इसके परिणाम भयावह हो सकते हैं.
6 साल की बच्ची के साथ रेप
तापसी ने कहा कि हाल ही में एक छोटी सी बच्ची के साथ रेप की घटना ने उन्हें झकझोर कर रख दिया. बोलीं- मैंने कुछ दिन पहले एक बच्ची के साथ रेप की घटना को सुना. साथ ही ये भी पता चला कि इसमें 10 से 13 साल के बच्चे शामिल थे. इसे सुनकर उन्हें एक धक्का लगा था.
फिल्म ‘अस्सी’
निर्देशक अनुभव सिन्हा की सबसे चर्चित और बहस छेड़ने वाली फिल्मों में से एक है. ये फिल्म सिर्फ एक कहानी नहीं बल्कि समाज के उस कड़वे सच को सामने रखती है जिस पर लोग बात करने से भी कतराते हैं. अनुभव सिन्हा खुद कई इंटरव्यू में कह चुके हैं कि ‘अस्सी’ ऐसी फिल्म है, जिसे मिस नहीं करना चाहिए, क्योंकि यह सवाल पूछती है और सवाल पूछना किसी भी समाज के लिए ज़रूरी होता है. उनके मुताबिक, यह फिल्म एंटरटेनमेंट से ज़्यादा एक चेतावनी है कि अगर नफरत को समय रहते नहीं रोका गया, तो उसका अंजाम कितना खतरनाक हो सकता है.

