संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा में गाजियाबाद–अलीगढ़ नेशनल हाईवे-91 स्थित लुहारली टोल प्लाजा पर टोल कर्मचारियों ने ईमानदारी और मानवता की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी हर ओर सराहना हो रही है। 16 फरवरी 2026 को टोल प्लाजा के सुरक्षा कर्मी विशाल सोम (आईडी 10817) को अपनी ड्यूटी के दौरान लेन में एक लिफाफा मिला। जांच करने पर उसमें 27,950 रुपये नकद पाए गए। विशाल सोम ने बिना देर किए पूरी राशि मैनेजर कार्यालय में सुरक्षित जमा कर दी। लुहारली टोल प्लाजा के कर्मचारियों की यह पहल समाज में सकारात्मक सोच और विश्वास को मजबूत करने वाली है।
इसके बाद वाहन संख्या के आधार पर संबंधित व्यक्ति का संपर्क नंबर प्राप्त किया गया और उन्हें सूचना देकर टोल प्लाजा बुलाया गया। व्यक्ति के पहुंचने पर पूरी राशि सुरक्षित रूप से उन्हें सौंप दी गई। अपनी गुम हुई रकम वापस पाकर संबंधित व्यक्ति ने टोल प्लाजा के कर्मचारियों और अधिकारियों की ईमानदारी की खुलकर प्रशंसा की।
यह घटना ऐसे समय में सामने आई है जब अक्सर टोल कर्मचारियों को सोशल मीडिया पर गलत छवि के साथ प्रस्तुत किया जाता है। लेकिन लुहारली टोल प्लाजा की इस पहल ने यह साबित कर दिया कि जिम्मेदारी और ईमानदारी आज भी जिंदा है।
टोल व्यवस्था सड़कों के निर्माण और रखरखाव के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराती है, लेकिन शुल्क वसूली के दौरान कर्मचारियों को कई बार अनुचित व्यवहार का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह घटना न केवल मानवता की मिसाल है, बल्कि यह संदेश भी देती है कि हर व्यवस्था के पीछे ईमानदार और समर्पित लोग कार्य कर रहे हैं।

