सीएम योगी ने दिया 70 बड़े प्रोजेक्ट का तोहफा, 2478 करोड़ होंगे खर्च; कल दोपहर लैंड करेंगे नोएडा एयरपोर्ट

Sanchar Now
4 Min Read

नोएडा। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार को नोएडा और यमुना प्राधिकरण क्षेत्र के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वह नोएडा में कुल 2,478 करोड़ रुपये की 70 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें 1,045 करोड़ रुपये की 5 परियोजनाओं का लोकार्पण तथा 1,434 करोड़ रुपये की 65 परियोजनाओं का शिलान्यास शामिल है। मुख्यमंत्री का यह दौरा नोएडा और आसपास के क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

नोएडा प्राधिकरण ने कार्यक्रम की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। कार्यक्रम स्थल से लेकर सुरक्षा व्यवस्था तक का जायजा स्वयं प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) ने लिया। अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि आयोजन में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहनी चाहिए। मुख्यमंत्री सबसे पहले सेक्टर-96 स्थित नवनिर्मित मुख्य प्रशासनिक भवन का लोकार्पण करेंगे। करीब 390 करोड़ रुपये की लागत से बने इस आधुनिक भवन में नोएडा प्राधिकरण के विभिन्न विभाग एक ही परिसर में संचालित होंगे, जिससे नागरिकों को बेहतर और तेज सेवाएं मिल सकेंगी।

इसके अलावा मुख्यमंत्री 608 करोड़ रुपये की लागत से तैयार डीएससी रोड पर अगाहपुर पेट्रोल पंप से एनएसईजेड तक लगभग 5.5 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड रोड का औपचारिक उद्घाटन करेंगे। हालांकि इस मार्ग को नवंबर 2025 में ट्रायल के लिए खोल दिया गया था लेकिन अब इसका औपचारिक लोकार्पण होगा। साथ ही विभिन्न सेक्टरों में सीवर लाइन बिछाने और रेन वाटर ड्रेन निर्माण जैसी परियोजनाओं का भी उद्घाटन किया जाएगा।

शिलान्यास होने वाली प्रमुख परियोजनाओं में भंगेल एलिवेटेड रोड पर पिलर संख्या-59 के पास क्लोवर लीफ इंटरचेंज का निर्माण, सेक्टर-145 में पांच प्रतिशत आवासीय भूखंडों का विकास, चौड़ी सड़क और नाली निर्माण, दलित प्रेरणा स्थल के सिविल एवं विद्युत कार्यों का अनुरक्षण, शाहदरा ड्रेन और विभिन्न जोनल सड़कों के सुदृढ़ीकरण, सेक्टर-8, 5, 9 और 10 में सड़क एवं पुलिया निर्माण, गिझौड़ तक नाले को ढकने का कार्य, एमपी-2 एलिवेटेड रोड पर नॉइज बैरियर लगाना तथा सेक्टर-38ए स्थित बॉटेनिकल गार्डन बस डिपो का नवीनीकरण जैसी परियोजनाएं शामिल हैं। इनके अलावा भी कई विकास कार्यों की आधारशिला रखी जाएगी।

पढ़ें  कैंची से गोदकर युवक की निर्मम हत्या, गाजियाबाद में शराब पार्टी बनी मौत का कारण

मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए सेक्टर-96 में विशेष हैलीपैड तैयार किया गया है। इससे पहले मुख्यमंत्री शनिवार दोपहर एक बजे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर पहुंचेंगे। वहां यमुना सिटी में इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर (ईएमसी) से जुड़ी परियोजनाओं का शिलान्यास करने के साथ जनसभा को भी संबोधित करेंगे। इसके बाद वह हेलीकॉप्टर से नोएडा पहुंचकर प्रशासनिक भवन का उद्घाटन करेंगे और एमएसएमई कार्यक्रम में भाग लेंगे। सुरक्षा के मद्देनजर कार्यक्रम स्थल पर पुलिस, पीएसी और अन्य सुरक्षा एजेंसियों की तैनाती की गई है।

बॉम्ब स्क्वायड और डॉग स्क्वायड ने भी पूरे परिसर की गहन जांच की है ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण व सुरक्षित तरीके से संपन्न कराया जा सके। मुख्यमंत्री का प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार वह दोपहर 12:55 बजे जेवर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद यमुना सिटी में विभिन्न औद्योगिक परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे। दोपहर 3:25 बजे सेक्टर-96 स्थित नए प्रशासनिक भवन का लोकार्पण करेंगे और एमएसएमई कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। शनिवार शाम 4:30 बजे से मेरठ मंडल के लोक निर्माण विभाग के साथ समीक्षा बैठक करेंगे और इसके बाद गाजियाबाद के लिए रवाना होंगे।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment