ग्रेटर नोएडा में एनकाउंटर: विला में लूट करने वाले 4 बदमाश गिरफ्तार, मुठभेड़ में 2 के पैर में लगी गोली

Sanchar Now
4 Min Read

नोएडा: कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस ने घरों में घुसकर चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गैंग का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना सूरजपुर पुलिस और सेंट्रल नोएडा की सर्विलांस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस तथा इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पुलिस मुठभेड़ में घायल अवस्था में पकड़ा, जबकि दो अन्य को कॉम्बिंग अभियान के दौरान गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अवैध हथियार, वारदात में प्रयुक्त कार, विदेशी मुद्रा, नकदी और चोरी के आभूषण बरामद किए हैं।

मुठभेड़ और कॉम्बिंग के दौरान चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार, 12 जुलाई को संयुक्त कार्रवाई के दौरान वीरपाल और विजयपाल पुलिस मुठभेड़ में घायल होने के बाद गिरफ्तार किए गए। वहीं अर्जुन कश्यप और अवधेश को सूरजपुर वेटलैंड के जंगल क्षेत्र में कॉम्बिंग के दौरान दबोच लिया गया।

चारों आरोपियों के पास से चार अवैध तमंचे, चार खोखा कारतूस, चार जिंदा कारतूस (.315 बोर), वारदात में इस्तेमाल की गई टैक्सी कार (DL1ZD3130), विभिन्न देशों की 56 विदेशी मुद्रा के नोट, दो कलाई घड़ियां, सोने-चांदी के आभूषण, 14275 रुपये नकद और जापानी मुद्रा बरामद हुई।

ऑनलाइन टैक्सी चलाने की आड़ में करते थे रेकी

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे ऑनलाइन बुकिंग ऐप के जरिए टैक्सी चलाते थे। इसी दौरान वे पॉश सोसाइटियों और सुनसान इलाकों की रेकी करते थे। इसके बाद रात के समय सुनियोजित तरीके से चोरी और लूट की वारदात को अंजाम देते थे।

पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी को बनाया था निशाना

आरोपियों ने स्वीकार किया कि 4-5 जुलाई की रात उन्होंने पैरामाउंट गोल्फ फॉरेस्ट सोसाइटी में दो घरों को निशाना बनाया। योजना के तहत वीरपाल और अवधेश सोसाइटी की दीवार फांदकर अंदर घुसे, जबकि विजयपाल और अर्जुन कार और झाड़ियों की आड़ में बाहर निगरानी करते रहे।

पढ़ें  अवैध अतिक्रमण पर यीडा की बड़ी कार्यवाई, 550 करोड़ की 1.10 लाख वर्गमीटर जमीन कराई कब्जा मुक्त

एक मकान की पहली मंजिल पर महिला अपने बच्चों के साथ सो रही थी। महिला के जागने पर उसे डरा-धमकाकर आरोपी गहने, नकदी और बैग लेकर फरार हो गए। बैग में महिला का पैन कार्ड भी रखा था।

कई देशों की विदेशी मुद्रा और जेवर बरामद

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न देशों की 56 विदेशी मुद्रा के नोट, जापानी मुद्रा, दो सोने की चेन, एक अंगूठी, एक पेंडेंट, एक कान का झुमका, चेन के कई टुकड़े, एक सफेद धातु की चेन, दो कलाई घड़ियां और 14275 रुपये नकद बरामद किए हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल की गई टैक्सी कार भी जब्त कर ली गई है।

आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं कई मुकदमे

मुख्य आरोपी वीरपाल के खिलाफ चोरी, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट समेत 15 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं विजयपाल के खिलाफ भी चोरी, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में कई मामले दर्ज हैं। पुलिस आरोपियों के अन्य आपराधिक नेटवर्क और साथियों की भी जांच कर रही है।

इन धाराओं में दर्ज किए गए मुकदमे

पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सूरजपुर थाने में बीएनएस की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत तीन मुकदमे दर्ज किए हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ के आधार पर अन्य घटनाओं में भी उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है।

पुलिस की कार्रवाई जारी

कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ जारी है। उनसे मिली जानकारी के आधार पर चोरी और लूट की अन्य वारदातों का भी खुलासा होने की संभावना है। पुलिस पूरे गिरोह के नेटवर्क की जांच कर रही है।

पढ़ें  हत्या के बाद आत्महत्या: अनुज ने 30 हजार में खरीदी थी पिस्टल, विश्वविद्यालय में किया था स्नेहा का कत्ल
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment