रात्रिकालीन निरीक्षण में परखी गई हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइट व्यवस्था, जल्द पूरी तरह रोशन होगा ईकोटेक-3

Sanchar Now
3 Min Read

संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा के ईकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र को सुरक्षित, आधुनिक और पूर्ण रूप से प्रकाशमय बनाने की दिशा में ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण और इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) ने संयुक्त रूप से रात्रिकालीन निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान हाईमास्ट लाइटों, स्ट्रीट लाइटों और प्रकाश व्यवस्था की गुणवत्ता का जायजा लिया गया तथा जिन स्थानों पर अभी भी पर्याप्त रोशनी नहीं है, वहां जल्द आवश्यक कार्य पूरा कराने का आश्वासन दिया गया।

सोमवार रात करीब आठ बजे IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने प्राधिकरण के ओएसडी अभिषेक पाठक, वरिष्ठ प्रबंधक अजीतभाई पटेल, प्रबंधक विपिन कुमार और तकनीकी अधिकारी नेत्रपाल के साथ ईकोटेक-3 क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटों की कार्यप्रणाली, प्रकाश की तीव्रता (लक्स लेवल) तथा पोल न होने के कारण अंधेरे वाले स्थानों का विस्तृत सर्वे किया गया। अधिकारियों ने ऐसे सभी स्थानों पर जल्द पोल और स्ट्रीट लाइट लगाने का भरोसा दिया। साथ ही प्रकाश में बाधा बन रही पेड़ों की शाखाओं की छंटाई कराने के निर्देश भी दिए गए।

निरीक्षण के दौरान चौगानपुर गोलचक्कर से घंटा चौक और घंटा चौक से पुलिस लाइन मार्ग तक की व्यवस्था का भी आकलन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि प्रमुख प्रवेश द्वारों पर आकर्षक डेकोरेटिव लाइटिंग भी लगाई जाएगी, जिससे औद्योगिक क्षेत्र की सुंदरता और सुरक्षा दोनों बढ़ेंगी।

IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने कहा कि संस्था केवल समस्याएं उठाने तक सीमित नहीं है, बल्कि प्राधिकरण के साथ समन्वय बनाकर उनका स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले कई वर्षों से सड़क, स्ट्रीट लाइट, जल निकासी और अन्य आधारभूत सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए IBA लगातार प्रयासरत है।

पढ़ें  सिरसा रोटरी से ईपीई कट तक रास्ते पर डायवर्जन, रीसर्फेसिंग के लिए 15 दिन तक रास्ता बंद रहेगा

ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी रवि कुमार एन.जी. ने कहा कि सभी औद्योगिक क्षेत्रों को विश्वस्तरीय आधारभूत सुविधाओं से लैस करना प्राधिकरण की प्राथमिकता है। वहीं ओएसडी अभिषेक पाठक ने कहा कि दो वर्ष पहले जहां ईकोटेक-3 में कई स्थानों पर अंधेरा रहता था, वहीं अब हाईमास्ट और स्ट्रीट लाइटों की रोशनी से श्रमिकों और कर्मचारियों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि शेष डार्क स्पॉट भी जल्द समाप्त कर पूरे औद्योगिक क्षेत्र को पूर्ण रूप से प्रकाशमय बनाया जाएगा।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment