संचार नाउ। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में बुधवार को इंडिया इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो (आईएचई) 2026 के नौवें संस्करण का भव्य शुभारंभ हुआ। चार दिवसीय इस अंतरराष्ट्रीय बी2बी प्रदर्शनी में होटल, रेस्टोरेंट, कैटरिंग (होरेका), फूड सर्विस और हॉस्पिटैलिटी उद्योग से जुड़े देश-विदेश के उद्योगपति, खरीदार, विशेषज्ञ, शेफ, डिजाइनर, आर्किटेक्ट, तकनीकी कंपनियां और वैश्विक ब्रांड एक ही मंच पर जुटे हैं। 8 अगस्त तक चलने वाले इस एक्सपो में 10 हजार वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में 1000 से ज्यादा प्रदर्शक अपनी नवीनतम तकनीकों और उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं, जबकि 25 हजार से अधिक व्यावसायिक आगंतुकों के पहुंचने की संभावना है।
दरअसल, प्रदर्शनी का शुभारंभ इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (आईईएमएल) के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार, एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल फॉर हैंडीक्राफ्ट्स (ईपीसीएच) के चेयरमैन डॉ. नीरज खन्ना, पर्चेजिंग प्रोफेशनल फोरम इंडिया (पीपीएफआई) के प्रेसिडेंट अमरजीत सिंह आहूजा, आईईएमएल के ईडी एवं सीईओ सुदीप सरकार सहित हॉस्पिटैलिटी उद्योग की कई प्रमुख हस्तियों ने रिबन काटकर किया।
डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि आईएचई अब केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारत के हॉस्पिटैलिटी उद्योग का सबसे बड़ा वार्षिक बिजनेस प्लेटफॉर्म बन चुका है, जहां नवाचार, निवेश और नई साझेदारियों को नई दिशा मिलती है। वहीं डॉ. नीरज खन्ना ने कहा कि यह मंच भारतीय निर्माताओं, हस्तशिल्प और डिजाइन उत्पादों को वैश्विक हॉस्पिटैलिटी बाजार से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।
इस वर्ष एक्सपो का विशेष आकर्षण उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से तैयार किया गया ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन क्यूज़ीन (ओडीओसी)’ पवेलियन रहा, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों के पारंपरिक व्यंजनों और खाद्य विरासत को प्रदर्शित किया गया। इसका उद्देश्य स्थानीय फूड इंडस्ट्री को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ना तथा फूड टूरिज्म को बढ़ावा देना है।
पहले दिन पेस्ट्री क्वीन इंडिया-2026, कुलिनरी मास्टरक्लास, बी2बी नेटवर्किंग सेशन और कई उद्योग आधारित प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। आगामी दिनों में हॉस्पिटैलिटी डिजाइन सिम्पोजियम, हाउसकीपर्स कॉन्क्लेव, मास्टर बेकर्स चैलेंज, कुलिनरी लीग, लीडरशिप फोरम और विभिन्न तकनीकी सत्र आयोजित किए जाएंगे। पहली बार आयोजित ‘मधु मंडपम्’ भी आकर्षण का केंद्र बना, जिसे तेजी से विकसित हो रहे अल्कोहलिक बेवरेज उद्योग के लिए समर्पित बिजनेस प्लेटफॉर्म के रूप में प्रस्तुत किया गया।
आयोजकों का कहना है कि आईएचई 2026 भारत के हॉस्पिटैलिटी और होरेका उद्योग को वैश्विक स्तर पर नई पहचान देने के साथ-साथ निवेश, व्यापार और तकनीकी सहयोग के नए अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
