संचार नाउ। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में आयोजित इंडिया इंटरनेशनल हॉस्पिटैलिटी एक्सपो (IHE 2026) का चार दिवसीय नौवां संस्करण शनिवार को शानदार सफलता के साथ संपन्न हो गया। इस प्रतिष्ठित आयोजन में 40,000 से अधिक ट्रेड विजिटर्स और 1,000 से ज्यादा प्रदर्शक ब्रांड्स ने भाग लिया। 10,000 वर्गमीटर से अधिक क्षेत्र में लगे इस एक्सपो ने हॉस्पिटैलिटी, HORECA और फूड सर्विस उद्योग को एक ऐसा मंच प्रदान किया, जहां व्यापार, नवाचार, नेटवर्किंग और नई साझेदारियों को नई दिशा मिली। एक्सपो में होटल मालिकों, रेस्टोरेंट संचालकों, शेफ्स, प्रोक्योरमेंट विशेषज्ञों, आर्किटेक्ट्स, इंटीरियर डिजाइनर्स, कंसल्टेंट्स और टेक्नोलॉजी प्रोवाइडर्स की बड़ी भागीदारी रही। चार दिनों तक चले आयोजन में बिजनेस मीटिंग्स, प्रोडक्ट लॉन्च, सोर्सिंग और उद्योग संवाद लगातार जारी रहे।
इस दौरान इंडिया एक्सपोजिशन मार्ट लिमिटेड (IEML) के चेयरमैन डॉ. राकेश कुमार ने कहा कि IHE 2026 केवल एक प्रदर्शनी नहीं, बल्कि हॉस्पिटैलिटी उद्योग की ऊर्जा, नवाचार और सामूहिक विकास का उत्सव बनकर सामने आया है। उन्होंने प्रदर्शकों, खरीदारों, उद्योग संगठनों और सभी प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि IHE अब उद्योग का सबसे भरोसेमंद बिजनेस प्लेटफॉर्म बन चुका है।
एक्सपो में भारत के तेजी से बढ़ते पर्यटन और हॉस्पिटैलिटी सेक्टर की संभावनाओं पर भी व्यापक चर्चा हुई। उद्योग विशेषज्ञों ने माना कि देश में पर्यटन और होटल उद्योग के विस्तार के साथ आधुनिक तकनीक, डिजाइन, स्मार्ट किचन, फूड सर्विस, इंटीरियर और गेस्ट एक्सपीरियंस से जुड़े समाधानों की मांग लगातार बढ़ रही है और IHE इस जरूरत को प्रभावी ढंग से पूरा कर रहा है।

आयोजन में थाईलैंड के प्रधानमंत्री कार्यालय से संबद्ध मंत्री नेपिनटॉर्न श्रीसुनपांग, वियतनाम दूतावास के ट्रेड काउंसलर सहित कई अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया। वहीं One District One Cuisine (ODOC) Pavilion उत्तर प्रदेश की पारंपरिक खाद्य संस्कृति का प्रमुख आकर्षण रहा, जहां प्रदेश के विभिन्न जिलों के प्रसिद्ध व्यंजनों ने आगंतुकों का ध्यान खींचा।
एक्सपो के दौरान हाउसकीपर्स कॉन्क्लेव, IIID ट्रेड कनेक्ट, हॉस्पिटैलिटी डिजाइन सिम्पोजियम, मास्टर बेकर्स चैलेंज, पेस्ट्री क्वीन इंडिया 2026, एग्रोप्योर कुलिनरी लीग, कुलिनरी मास्टरक्लास और पहली बार आयोजित मधु मंडपम जैसे कार्यक्रमों ने प्रतिभागियों को सीखने, नवाचार और व्यावसायिक सहयोग का उत्कृष्ट अवसर प्रदान किया।
आयोजकों के अनुसार IHE 2026 ने यह साबित कर दिया कि आधुनिक हॉस्पिटैलिटी उद्योग को केवल उत्पादों की प्रदर्शनी नहीं, बल्कि ऐसा समग्र मंच चाहिए जहां खरीदार, सप्लायर, डिजाइनर, शेफ और उद्योग विशेषज्ञ सीधे संवाद कर सकें। चार दिनों तक चले इस आयोजन ने देश-विदेश के उद्योग जगत के बीच नए व्यावसायिक रिश्तों की मजबूत नींव रखी और भारत के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर के भविष्य को नई दिशा देने का कार्य किया।
