सीएम योगी वाराणसी के बाढ़ प्रभावित इलाकों का आज करेंगे हवाई सर्वे, काशी विश्वनाथ में दर्शन

Sanchar Now
2 Min Read

वाराणसी में बाढ़ का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज आएंगे। वह शनिवार को क्षेत्र का हेलीकॉप्टर से हवाई सर्वे करेंगे। उनके साथ इस दौरान जिले के जिम्मेदार अधिकारी भी मौजूद रहेंगे जो उन्हें इस बाढ़ में किए जा रहे राहत एवं बचाव कार्य की रिपोर्ट दिखाएंगे।

मुख्यमंत्री 4 बजे के बाद वाराणसी पहुंचेंगे। देर शाम दर्शन-पूजन के बाद लखनऊ लौट जाएंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को देखते हुए अधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैं।

करेंगे गंगा और वरुणा के बाढ़ क्षेत्र का हवाई सर्वेक्षण

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शनिवार की शाम 4 बजे आजमगढ़ से चलकर वाराणसी पहुंचेंगे। यहां पुलिस लाइन से अधिकारियों को साथ लेकर मुख्यमंत्री पहले वरुणा और फिर गंगा के बाढ़ क्षेत्रों के हवाई निरीक्षण करेंगे। इस दौरान उनके साथ मण्डलयुक्त एस राजलिंगम और डीएम सत्येंद्र झा मौजूद रहेंगे। हवाई सर्वेक्षण के दौरान सीएम आवश्यक दिशा निर्देश वाराणसी के अधिकारियों को दे सकते हैं।

बाढ़ राहत शिविर में बाटेंगे राहत सामाग्री

हवाई सर्वेक्षण के बाद मुख्यमंत्री सड़क मार्ग से शिवपुर स्थित विद्या विहार इंटर कालेज शाम 5 बजे के बाद पहुंचेंगे। यहां बाढ़ राहत शिविरों की स्थिति का जायजा लेंगे। इसके अलावा वहां रह रहे लोगों से बातचीत भी करेंगे। साथ ही उनमे राहत सामाग्री भी वितरित करेंगे। इस दौरान जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहेंगे।

विश्वनाथ धाम और काल भैरव मंदिर में करेंगे दर्शन-पूजन

मुख्यमंत्री इसके बाद काल भैरव मंदिर और श्रीकाशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन पूजन करेंगे। दर्शन पूजन के बाद सड़क मार्ग से एयरपोर्ट के लिए रवाना होंगे और विशेष विमान द्वारा लखनऊ रवाना हो जाएंगे।

पढ़ें  कानपुर-कबरई ग्रीनफील्ड हाईवे के निर्माण को मंजूरी, अब 117 KM का सफर डेढ घंटे में पूरा होगा
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment