सेंसर बोर्ड में बिहार के दो बड़े चेहरे, विनोद अनुपम और पंकज त्रिपाठी समेत 18 सदस्यीय बोर्ड का गठन

Sanchar Now
3 Min Read

केंद्र सरकार ने केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) का पुनर्गठन किया है। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की ओर से बुधवार शाम जारी अधिसूचना में 18 सदस्यों के नाम शामिल किए गए हैं। खास बात यह है कि इस लिस्ट में बिहार के दो प्रमुख हस्तियों को जगह मिली हैं। इनमें वरिष्ठ पत्रकार एवं फिल्म समीक्षक विनोद अनुपम और बॉलीवुड अभिनेता पंकज त्रिपाठी शामिल हैं। मंत्रालय की अधिसूचना के मुताबिक, सिनेमैटोग्राफ अधिनियम, 1952 और सिनेमैटोग्राफ (सर्टिफिकेशन) नियम, 2024 के तहत केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड का पुनर्गठन किया गया है। यह पुनर्गठन तत्काल प्रभाव से तीन साल की अवधि या अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, प्रभावी रहेगा।

विनोद अनुपम और पंकज त्रिपाठी का नाम शामिल

CBFC के नए बोर्ड में विनोद अनुपम का नाम पहले स्थान पर है। वह वरिष्ठ पत्रकार और फिल्म समीक्षक के रूप में लंबे समय से फिल्म और मीडिया से जुड़े रहे हैं। वहीं, पंकज त्रिपाठी भी नए बोर्ड के सदस्यों में शामिल हैं। बिहार के गोपालगंज जिले से आने वाले पंकज त्रिपाठी हिंदी सिनेमा के चर्चित अभिनेताओं में शामिल हैं। फिल्मों और वेब सीरीज में अपने अभिनय के लिए उन्होंने अलग पहचान बनाई है।

विनोद अनुपम बोले- ‘मेरे लिए बहुत बड़ी जवाबदेही है’

वरिष्ठ पत्रकार विनोद अनुपम ने इस उपलब्धि पर अमर उजाला से बातचीत में कहा कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड का सदस्य बनकर काफी खुशी हो रही है। भारत सरकार और सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय का आभार व्यक्त करता हूं कि बिहार में रहकर काम करने वाले व्यक्ति को खोज निकाला। आम तौर पर इसमें फिल्म के मुख्य धारा के लोग रहते हैं। अभी तो शुरुआत है। इस जिम्मेदारी को बेहतर ढंग से निभाने की कोशिश करूंगा। मेरे लिए बहुत बड़ी जवाबदेही है। जिस तरह फिल्में और ओटीटी पर कार्यक्रम आ रहे हैं, उसमें सेंसर बोर्ड की जवाबदेही बढ़ गई। फिल्मों में भी मानवीय स्वभाव को बिगाड़ने की कोशिश की जा रही है, ऐसे में सेंसर बोर्ड की जवाबदेही बढ़ जाती है। किसी भी कला का मुख्य पक्ष होता है कि वह एक बेहतर इंसान और समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाए। हमलोग इसी दिशा में काम करेंगे।

पढ़ें  'तुम खबर ले रहे हो कि डरा रहे हो', पत्रकार के सवाल पर खेसारी लाल यादव ने दिया ऐसा रिएक्शन, वीडियो वायरल

18 सदस्यों वाली सूची जारी

सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की अधिसूचना में कुल 18 सदस्यों के नाम हैं। सूची में विनोद अनुपम और पंकज त्रिपाठी के अलावा मनोज जोशी, अभिषेक जैन, रिकी केज, प्रियदर्शन, सुनील शेट्टी, हंसराज हंस, सुप्रिया यारलगड्डा, यतिंद्र मिश्रा, रूपाली गांगुली, प्रीति जिंटा, नीला माधब पांडा, प्रसेनजीत चटर्जी, पल्लवी जोशी, निशिगंधा वाड, वामन केंद्रे और रमेश पाटंगे शामिल हैं। अधिसूचना में कहा गया है कि केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड का यह पुनर्गठन तीन वर्ष या अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment