ग्रेनो प्राधिकरण ने भनौता में अवैध निर्माण पर चलाया बुल्डोजर, 40 करोड़ रुपये की 20 हजार वर्ग मीटर जमीन को कराया अतिक्रमण मुक्त

Sanchar Now
2 Min Read

संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने सोमवार को गांव भनौता में अवैध निर्माण पर बुल्डोजर चलाया और लगभग 20 हजार वर्ग मीटर जमीन को मुक्त करा लिया। कालोनाइजर इस अधिसूचित एरिया में अवैध प्लॉटिंग करने की कोशिश कर रहे थे। जमीन की कीमत लगभग 40 करोड़ रुपये होने का आकलन है।

दरअसल, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीईओ एनजी रवि कुमार ने अधिसूचित एरिया में अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। प्राधिकरण की टीम अवैध कब्जों के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के महाप्रबंधक एके सिंह ने बताया कि कालोनाइजर गांव भनौता के खसरा संख्या 282 और 283 की जमीन पर अवैध निर्माण कर कॉलोनी बसाने की फिराक में थे।

परियोजना विभाग के उप महाप्रबंधक विजय कुमार रावल के नेतृत्व में वर्क सर्कल दो के मैनेजर रोहित गुप्ता व अन्य की टीम ने सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण को ध्वस्त कर दिया और जमीन प्राधिकरण के कब्जे में ले लिया है। इसके अतिरिक्त विगत दिनों बिसरख के डूब क्षेत्र में भी प्राधिकरण ने अवैध निर्माण के खिलाफ बुलडोजर चलाया। खसरा संख्या 135 व 153 की 5000 वर्ग मीटर जमीन को अतिक्रमण मुक्त करा लिया।

परियोजना विभाग के वर्क सर्कल -3 के प्रभारी प्रभात शंकर के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के एसीईओ सुमित यादव ने कहा है कि ग्रेटर नोएडा के अधिसूचित एरिया में किसी भी व्यक्ति को अवैध निर्माण करने की इजाजत नहीं है। ग्रेटर नोएडा में कहीं भी जमीन खरीदने से पहले प्राधिकरण से संपर्क कर पूरी जानकारी जरूर प्राप्त कर लें। उन्होंने अपील की है कि अवैध कॉलोनी में अपनी गाढ़ी कमाई न फंसाएं।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment