2 बीघे का किसान, नोटिस मिला 30 करोड़ का; इनकम टैक्स ने कहा- आकर जमा करो, हो गया बीमार

Sanchar Now
3 Min Read

आयकर विभाग की अजब गजब कहानी खत्म होने का नाम ही नहीं ले रही। यूपी के मथुरा में दो साल पहले जिस किसान को 14 करोड़ के कारोबार के आधार पर आयकर का नोटिस थमाया गया था, उसी किसान को एक बार फिर 30 करोड़ रुपये के टर्नओवर के आधार पर नोटिस भेज दिया गया। दो बीघा जमीन का मालिक किसान अब हैरान-परेशान है। आयकर विभाग से राहत नहीं मिलते देख पीड़ित ने पुलिस की शरण ली है।

दरअसल आयकर विभाग ने औरंगाबाद के शांतिनगर निवासी सौरभ कुमार पुत्र सुंदर लाल को एक बंद लिफाफे में नोटिस भेजा है। 26 मार्च को मिले इस नोटिस में सौरभ कुमार द्वारा करीब 30.39 करोड़ रुपये का कारोबार करने की टैक्स चोरी का आरोप लगाया गया है। जबकि सौरभ कुमार केवल दो बीघा जमीन पर खेती-किसानी कर अपना और अपने परिवार का जीविकोपार्जन करते हैं। नोटिस को देखकर सौरभ की तबीयत खराब हो गई। स्वास्थ्य सही होने पर दो अप्रैल को थाना सदर बाजार एवं एसपी सिटी को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।

इसमें सौरभ ने किसी फर्जी व्यक्ति द्वारा उसके पैन कार्ड नम्बर का दुरुपयोग कर बोगस फर्म बनाने और उस फर्म से अवैध करोबार करने का आरोप लगाया है। सौरभ कुमार के साथ ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले भी मार्च 2022 में उनको 14 करोड़ रुपये के कारोबार की टैक्स चोरी करने का नोटिस मिला था। इसका सौरभ ने शपथ पत्र एवं अन्य माध्यमों से आयकर विभाग एवं पुलिस विभाग में लिखित जवाब दे दिया था। तब प्रकरण खत्म बता दिया गया था। लेकिन अब उन्हें एक बार फिर इनकम टैक्स विभाग ने नोटिस थमा दिया है। उन्होंने इस मामले में संबंधित थाने में भी शिकायत दे दी है।

पढ़ें  अयोध्या: सिलेंडर ब्लास्ट से ढह गया घर, 5 लोगों की मौत, कई मलबे में दबे; रेस्क्यू जारी

सौरभ पर है दो बीघा खेत

सौरभ ने बताया कि उसके पास सिर्फ दो बीघा खेत है। इसी में वह खेती कर अपना जीवन यापन करता है। पहले भी 14 करोड़ के कारोबार की टैक्स चोरी का नोटिस मिला था। अब दूसरी बार उन्हें यह नोटिस मिला है। कोई फर्जी व्यक्ति उनके पैन कार्ड के आधार पर फर्जी कारोबार कर रहा है। इसकी शिकायत के बावजूद आयकर विभाग ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment