Sanchar Now। ग्रेटर नोएडा में श्री रामलीला कमेटी ग्रेटर नोएडा के द्वारा साइट पर स्थित रामलीला मैदान में विजय महोत्सव 2024 का कार्यक्रम किया जाएगा। रामलीला के आयोजन में 55 फुट का धनुष आकर्षण का केंद्र रहेगा। 55 फीट का धनुष 60 फीट की ऊंचाई पर खंडित होगा। दो-दो मंजिला तीन भव्य मंच तैयार किए गए हैं। ड्रोन सीसीटीवी कैमरे से निगरानी करते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रामलीला के आयोजन में कलाकार मुरादाबाद, बरेली, उत्तराखंड और दिल्ली से सम्मिलित होंगे।
दरअसल, विजय महोत्सव की शुरुआत 2 अक्टूबर गांधी जयंती से होगी जो 13 अक्टूबर तक आयोजन होगा। विजय महोत्सव की शुरुआत में 2 अक्टूबर को क्षेत्र के 18 स्कूलों व एकेडमी के 700 से अधिक बच्चे भक्ति व देशभक्ति नृत्य प्रतियोगिता में भाग लेंगे। कार्यक्रम को तीन श्रेणी में बांटा गया है भक्ति, देश भक्ति व एकेडमी। तीनों ही श्रेणी में प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार वितरण किए जाएंगे।
श्री रामलीला कमेटी के कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग ने बताया कि इस बार रामलीला मंचन के साथ-साथ क्षेत्र के इतिहास पर आधारित कार्यक्रम ‘हिंडन की रफ्तार’ 3 अक्टूबर को किया जाएगा। जिसमें दर्शकों को हमारे क्षेत्र के इतिहास से रूबरू होने का अवसर मिलेगा। इसके साथ उन्होंने बताया कि 4 अक्टूबर से रामलीला मंचन का शुभारंभ होगा और 12 अक्टूबर को रावण, कुंभकरण व मेघनाथ के पुतला का दहन होगा और रंगीन आतिशबाजी से दशहरा पर्व मनाया जाएगा। 13 अक्टूबर को भारत मिलाप व श्री राम राज्याभिषेक की सुंदर लीलाओं का मंचन होगा।
श्री रामलीला कमेटी के महासचिव विजेंद्र सिंह आर्य ने बताया कि रामलीला मंचन के साथ-साथ दर्शकों के मनोरंजन के लिए विशाल झूले, आकर्षण मेला व फूड काउंटर की व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम में आने वाले दर्शक रामलीला के माध्यम से मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के आदर्शों को आत्मसात करने के साथ-साथ परिजनों सहित स्वादिष्ट भोजन व मनोरंजन का भी आनंद लेंगे। यहां पर कई प्रकार के खाने के स्वादिष्ट स्टॉल है इसके साथ ही खरीदारी की भी मेले में व्यवस्था रहेगी।
मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताया कि कार्यक्रम में दर्शकों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे, सिक्योरिटी गार्डो का प्रबंध कमेटी द्वारा किया गया है। दर्शकों के बैठने की उचित व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही विश्व विख्यात मूर्तिकार राम सुतार के द्वारा बनाई गई मूर्तियों से सुसज्जित आर्ट गैलरी का निर्माण भी किया जा रहा है। जिसे देखकर दर्शकों को आनंद की अनुभूति होगी। कार्यक्रम के बारे में प्रेस वार्ता में जानकारी देते हुए कमेटी के अध्यक्ष सरदार मंजीत सिंह, सौरभ बंसल, हरेंद्र भाटी, के के शर्मा, अमित गोयल, चाचा हिंदुस्तानी, कुलदीप शर्मा, सुरेश गर्ग, विशाल जैन, विकास भाटी, दीपक भाटी व सुनील प्रधान सहित अन्य लोग मौजूद रहे।