एक ओवर में 45 रन! अफगान बल्लेबाज उस्मान गनी ने रचा इतिहास, ECS T10 में बना डाला वर्ल्ड रिकॉर्ड

Sanchar Now
3 Min Read

अगर कोई बल्लेबाज एक ओवर में छह छक्के लगाए तो अधिकतम 36 रन बनते हैं, लेकिन क्रिकेट में कुछ भी संभव है. हाल ही में इसका उदाहरण तब देखने को मिला, जब अफगानिस्तान के बल्लेबाज उस्मान गनी ने एक ओवर में 45 रन ठोक डाले और नया विश्व रिकॉर्ड बना दिया. टी10 लीग में लंदन काउंटी क्रिकेट के लिए खेलते हुए अफगानिस्तान के ओपनर बल्लेबाज उस्मान गनी ने अपनी धुआंधार बल्लेबाजी से सनसनी मचा दी. उन्होंने विल एर्नी के एक ही ओवर में 45 रन ठोक डाले, जो गेंदबाज के करियर के लिए किसी बुरे सपने से कम नहीं था. उस्मान ने सिर्फ 43 गेंदों में नाबाद 153 रन बनाए, जिसमें 17 गगनचुंबी छक्के और 11 चौके शामिल थे.

एक ओवर में बना नया इतिहास 

ECS T10 इंग्लैंड टूर्नामेंट में 1 अगस्त की रात लंदन काउंटी क्रिकेट और गिल्डफोर्ड (London County Cricket vs Guildford) की भिड़ंत हुई. यहां उस्मान गनी ने विल एर्नी के एक ओवर में 45 रन लूट लिए. इसमें दो नो-बॉल और एक वाइड भी शामिल था, जिससे तीन रन एक्स्ट्रा मिले. गनी ने खुद 42 रन बनाए, जबकि बाकी तीन रन अतिरिक्त थे. इससे पहले इस प्रोफेशनल क्रिकेट में एक ओवर में कभी इतने रन नहीं बने थे. (Usman Ghani 45 runs in a over)

गनी का तूफानी शतक, 71 रन से जीता लंदन  

रेयंस पार्क स्पोर्ट्स ग्राउंड में लंदन काउंटी ने पहले बैटिंग करते हुए 10 ओवर में बिना विकेट खोए 226 रन ठोक डाले. गनी ने सिर्फ 43 गेंदों में नाबाद 153 रन बनाए, जिसमें 11 चौके और 17 छक्के शामिल थे. उनका स्ट्राइक रेट 355.81 रहा. उनके ओपनिंग पार्टनर ईस्माइल बहरामी ने 19 गेंदों में 61 रन जोड़े. 227 रन के लक्ष्य के जवाब में गिल्डफोर्ड की टीम चार विकेट खोकर 155 रन ही बना सकी और 71 रन से मुकाबला हार गई. उनकी ओर से कोई भी बल्लेबाज पचास का आंकड़ा नहीं छू पाया. यानी वे उस्मान के स्कोर से भी दो रन कम ही बना पाए.

पढ़ें  वर्ल्ड कप का शेड्यूल आया बाहर, जानें कब- कब मैदान में उतरेगी भारत की टीम

कौन हैं उस्मान गनी?

अफगानिस्तान क्रिकेट टीम के 28 वर्षीय सलामी बल्लेबाज उस्मान गनी ने अब तक 52 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में हिस्सा लिया है. उन्होंने साल 2014 में वनडे डेब्यू किया और 2015 में टी20 इंटरनेशनल में कदम रखा. वनडे क्रिकेट में उस्मान गनी ने 17 मैचों में 25.58 की औसत से 435 रन बनाए हैं, जिसमें 1 शतक और 2 अर्धशतक शामिल हैं. वहीं, टी20 अंतरराष्ट्रीय में उन्होंने 35 मैचों में 25.35 की औसत से 786 रन बनाए हैं और 4 बार अर्धशतक जमाया है. अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए मशहूर उस्मान ने 2023 में अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए इंटरनेशनल क्रिकेट से दूरी बना ली थी. उनका कहना था कि जब तक सही प्रबंधन और ईमानदार चयन समिति नहीं आएगी, वह वापसी नहीं करेंगे.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment