बल्लेबाजों के बाद गेंदबाजों ने किया निराश, ऑस्ट्रेलिया ने भारत को 6 विकेट से हराया; ऐसा रहा मैच का हाल

Sanchar Now
4 Min Read

ऑस्ट्रेलियाई महिला टीम ने रविवार को डीवाई पाटिस स्टेडियम में खेले गए दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में भारत को एक ओवर रहते छह विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर की. पहले टी20 मैच में भारत ने नौ विकेट से जीत दर्ज की थी.

भारतीय बल्लेबाज शुरूआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सकीं जिससे टीम बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद आठ विकेट पर 130 रन ही बना सकी. जवाब में आस्ट्रेलिया ने 19 ओवर में चार विकेट पर 133 रन बनाकर जीत हासिल की.

टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मेजबान टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आठ विकेट पर 130 रन ही बना सकी. स्मृति मंधाना (23), ऋचा घोष (23) और जेमिमा रॉड्रिग्स (13) अच्छी शुरूआत करने के बावजूद बड़ी पारी नहीं खेल सकीं और आस्ट्रेलिया ने लगाातर विकेट झटककर भारत पर दबाव बनाये रखा.

दूसरे छोर पर विकेट गिर रहे थे लेकिन दीप्ति शर्मा ने पारी की अंतिम गेंद पर रन आउट होने से पहले 27 गेंद में पांच चौके से 31 रन बनाकर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाया.

ऑस्ट्रेलिया के लिए किम गार्थ ने शुरूआती झटके दिये, उन्होंने पहले शेफाली वर्मा (01) को पगबाधा आउट किया और फिर रॉड्रिग्स की पारी खत्म की जिन्होंने तेजी से तीन चौके जड़कर शुरूआत की थी.

पहले मैच में भारतीय टीम ने पावरप्ले में लगभग 10 रन प्रति ओवर बनाये थे लेकिन रविवार को दो विकेट पर 33 रन ही बना सकी जिसमें मंधाना के कुछ आकर्षक स्ट्रोक्स शामिल थे.

भारतीय उप कप्तान मंधाना ने गार्थ पर डीप स्क्वायर लेग में एक छक्का और फिर कवर पर चौका जड़ा. पर आठवें ओवर में मंधाना भी अनाबेल सदरलैंड की शॉर्ट गेंद का शिकार हो गयीं और उनका कैच डीप मिडविकेट पर एलिसे पैरी ने झटका. भारत की परेशानी बढ़ती जा रही थीं और कप्तान हरमनप्रीत कौर (12 गेंद में छह रन) बल्ले से फिर कमाल नहीं दिखा सकीं.

पढ़ें  इंडियन वेटरन प्रीमियर लीग टी 20 मैचों के ग्रेटर नोएडा में आज होगा आगाज

टीम को वापसी के लिए किसी खिलाड़ी के क्रीज पर टिके रहने की जरूरत थी और हरमनप्रीत के पास भारत को मुश्किल से बाहर निकालने का अच्छा मौका था, पर वह अपने पसंदीदा स्वीप शॉट खेलने के प्रयास में पवेलियन पहुंच गयीं.

ऋचा ने इसी ओवर में गार्डनर पर एक गगनदायी छक्का जड़ा लेकिन वह भी बड़ा स्कोर बनाने में से चूक गयीं. वह जॉर्जिया वारेहैम की धीमी गेंद पर पगबाधा आउट हुईं.

ऑस्ट्रेलिया ने अपील की लेकिन मैदानी अंपायर ने इसे ठुकरा दिया और यहां तक कि वारेहैम को भी लगा कि गेंद बाहर की ओर पिच हुई थी, पर कप्तान एलिसा हीली ने डीआरएस अपील की जो मेहमान टीम के पक्ष में रही.

वारेहैम ने फिर पूजा वस्त्राकर (09) के रूप में अपना दूसरा विकेट झटका. इस तरह उन्होंने चार ओवर में 17 रन देकर दो विकेट प्राप्त किये. इस बार गेंदबाज और कप्तान दोनों ने सही डीआरएस अपील की. सदरलैंड ने अमनजोत कौर (04) को आउट कर अपना दूसरा शिकार बनाया. उन्होंने 18 रन देकर दो विकेट चटकाये.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment