त्योहारों से पहले नोएडा में मिलावटखोरों पर एक्शन, 100 KG पनीर और 450 KG खोया नष्ट

Sanchar Now
2 Min Read

दीपावली पर्व से पहले जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने खाद्य प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। इस दौरान विभाग ने नकली खोया और पनीर जब्त कर नष्ट किया। जनपद वासियों को शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी सय्यद इबादुल्लाह, विशाल गुप्ता और अमर बहादुर सरोज की टीम ने सूरजपुर स्थित सोनू पनीर भंडार से पनीर का एक नमूना लिया। संगम स्वीट से खोया का एक नमूना भी संग्रहित किया गया। दूषित अवस्था में मिला लगभग 100 किलोग्राम पनीर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

वही,एक अन्य कार्रवाई में जेवर टोल प्लाजा पर कौशल कुमार शर्मा के वाहन से ले जाए जा रहे खोया का निरीक्षण किया गया। प्राथमिक परीक्षणों में फेल होने के कारण लगभग 450 किलोग्राम खोया का एक नमूना लेकर शेष मात्रा नष्ट करा दी गई। यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय बहादुर पटेल और रविन्द्र वर्मा द्वारा की गई।इसके अतिरिक्त, खाद्य सुरक्षा अधिकारी मालती ने दनकौर स्थित शिव नमकीन भंडार से नमकीन का एक नमूना लिया। इस प्रकार कुल चार नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय ने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देश पर यह जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जनपद वासियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप शुद्ध खाद्य एवं पेय पदार्थ मिल सकें।

पढ़ें  नोएडा एयरपोर्ट का 3900 मीटर लंबा रनवे तैयार, जल्द होगा ट्रायल; पहला विमान कब भरेगा उड़ान
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment