चाची ने 5 साल की बच्ची को मार डाला: अवैध संबंध बनाते देख लिया था; प्रेमी संग मिलकर गला दबाया, लाश भूसे के ढेर में छिपाई

Sanchar Now
6 Min Read

अलीगढ़ में अतरौली कोतवाली क्षेत्र के गांव चैंडोला सुजानपुर में आपत्तिजनक हालत में देखने पर महिला और उसके प्रेमी ने पांच साल की मासूम की गला दबाकर और ईंट के प्रहार से हत्या कर कर दी। शव पड़ोसी के घेर में कमरे में रखे भूसे में दबा दिया। शनिवार सुबह पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। महिला और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया गया। मुकदमा दर्ज कर दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से वह जेल भेज दिया।

गांव चैंडोला सुजानपुर निवासी बंटी लोधी पुत्र रमेश चंद मजदूरी करते हैं। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे उनकी पांच साल की बेटी कुमकुम अचानक घर से लापता हो गई। काफी खोजबीन करने बाद जब बच्ची नहीं मिली तो परिवार के लोग नरौना-12 नंबर पुलिस चौकी पहुंचे और गुमशुदगी दर्ज कराई। पुलिस ने बच्ची के लापता होने के मामले को गंभीरता से लिया। सीओ मोहसिन खां ने कोतवाल रणजीत चौधरी, इंस्पेक्टर क्राइम प्रमोद कुमार व एसआई बृजमोहन सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम का गठन किया। जल्द बच्ची की बरामदी के आदेश दिए।

शुक्रवार शाम से पुलिस बच्ची की खोज में जुट गई। पुलिस ने गांव के ही केपी सिंह के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो देखा बच्ची अपनी चाची आरती पत्नी सोनू कुमार के साथ जाते हुए दिख रही थी। इसके बाद से बच्ची का कहीं पता नहीं चला। पुलिस ने महिला से पूछताछ की तो उसने कहा कि बेटी ज्यादातर समय उसके पास ही रहती थी। काफी देर तक उसने बच्ची के प्रति प्यार दिखाते हुए पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया।  लेकिन शक बढ़ने पर पुलिस ने सख्ती से पूछताछ की तो उसने सारा राज उगल दिया।

पढ़ें  आगरा एसटीएफ ने ठगी करने वाले गैंग के सरगना समेत चार दबोचे, नकली नोट बरामद

महिला ने पुलिस को बताया कि गांव के ही भानुप्रकाश उर्फ कलुआ से उसके संबंध थे। पति सोनू तालानगरी में एक फैक्टरी में मजदूरी करता है। शुक्रवार सुबह जब पति काम पर चला गया तो उसने प्रेमी को घर बुला लिया। दोनों घर में ही आपत्तिजनक हालत में थे, तभी कुमकुम खेलते हुए उसके घर पहुंच गई और दोनों को देख लिया। कुमकुम वापस अपने घर चली गई। दोनों को डर था कि कुमकुम कहीं इस बात को परिजनों को न बता दे। कुछ देर बाद आरती कुमकुम के घर गई और इशारे से उसे अपने साथ बुला लाई। मुकेश के घेर में ले जाकर प्रेमी भानुप्रकाश के साथ मिलकर कुमकुम की गला दबाकर और सिर पर ईंट का प्रहार कर हत्या कर दी। शव को घेर में बने कमरे में रखे भूसे में दबा दिया।  पुलिस ने महिला की निशानदेही पर शव को बरामद कर लिया और उसके प्रेमी भानुप्रकाश को भी गिरफ्तार कर लिया।

बच्ची मां से ज्यादा चाची के पास रहती थी 

करीब छह माह पहले ही आरती की शादी सोनू के साथ हुई थी। शादी के बाद से कुमकुम अधिकतर समय अपनी मां से ज्यादा चाची के पास रहकर ही खेलती थी। आरती भी कुमकुम को बेहद प्यार करती थी। लेकिन प्रेम संबंधों के चलते उसके दिमाग में ऐसी सनक सवार हो गई कि यदि कुमकुम जिंदा रही तो उसका राजफाश हो जाएगा। कुमकुम की हत्या के बाद आरती बेहद अफसोस कर रही है कि जिस राज को छुपाने के लिए उसने मासूम को मारा, वह अब राज न रहकर सबके सामने आ गया और अब न जाने कितने दिन जेल में काटने होंगे। जेल जाते समय वह रो पड़ी। उधर, पूरा गांव आरती और उसके प्रेमी भानु को कोस रहा है कि अपना पाप छिपाने के लिए मासूम को मार डाला।

पढ़ें  सरयू एक्सप्रेस में महिला सिपाही पर जानलेवा हमला मामला: आरोपी की सूचना देने वाले को STF देगी एक लाख का इनाम, मोबाइल नंबर जारी

गुमसुम रह रही थी महिला

कुमकुम के गायब रहने से आरती गुमसुम रह रही थी। चेहरा भी उतरा हुआ था। जब तब कुमकुम की बात करते हुए आंखों में आंसू भी आ जाते थे। तो घर वाले समझते कि आरती का कुमकुम से बेहद लगाव था, इसलिए उसे उसकी याद सता रही है। घर वालों को जरा भी नहीं लगा कि महिला मासूम की हत्या कर चुकी है। जब सीसीटीवी मदद से पुलिस ने घटना का राजफाश किया तो परिजनों को पैरों तले भी जमीन खिसक गई।

बच्ची के गायब होने की सूचना पर पुलिस टीम, फॉरेंसिक, डॉग स्क्वायड को खुलासे में लगाया गया था। सीसीटीवी की मदद भी ली गई। पुलिस ने जांच पड़ताल में पाया कि अवैध संबंध को छुपाने के लिए बच्ची की चाची ने प्रेमी के साथ मिलकर उसकी हत्या की थी। दोनों आरोपी और हत्या में प्रयुक्त ईंट बरामद कर ली गई है। आरोपियों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया है। -पलाश बंसल, एसपी देहात

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment