संचार नाउ। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की 88वीं बोर्ड बैठक 30 जनवरी 2026 को संपन्न हुई, जिसमें औद्योगिक विकास, निवेश, राजस्व वृद्धि, भू-आवंटन और नीतिगत सुधारों से जुड़े कई अहम निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता आलोक कुमार ने की। यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण की 88वीं बोर्ड बैठक में औद्योगिक इकाइयों को राहत देने और क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने से जुड़े अहम नीतिगत निर्णय लिए गए।
बैठक में बताया गया कि एकमुश्त समाधान नीति-2025 के तहत अब तक 117 आवेदक आवेदन कर चुके हैं। यह नीति लंबित बकाया मामलों के निस्तारण के लिए लागू की गई है, जिससे औद्योगिक इकाइयों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
इसके अलावा हेरिटेज सिटी परियोजना को पीपीपी मॉडल पर विकसित करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा की गई। पिलग्रिम गेटवे कॉम्प्लेक्स और आसपास के क्षेत्रों में आवासीय, होटल और व्यावसायिक गतिविधियों के विस्तार की योजना को आगे बढ़ाने पर सहमति बनी।
बोर्ड बैठक में कहा गया कि इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से न केवल निवेश बढ़ेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

