बिजनेसमैन को दोस्त के साथ किडनैप कर मांगी 2 करोड़ की फिरौती, पुलिस ने ट्रैक कर 4 को किया गिरफ्तार

Sanchar Now
3 Min Read

बागपत जिले की पुलिस ने नोएडा की एक कंपनी मालिक समेत दो लोगों पर अपहरण के मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन तमंचे, कारतूस ओर एक गाड़ी बरामद की है. सभी आरोपी शामली और मुजफ्फरनगर नगर के रहने वाले है. पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने सोमवार को बताया कि कंपनी मालिक नूर मोहम्मद और उसके दोस्त शावेज का एक मार्च को नोएडा जाते समय रास्ते में अपहरण कर लिया गया था. अपहरणकर्ताओं ने व्यापारियों को अपहरण कर 24 घंटे तक बंधक बनाकर रखा और फिर उनके परिजनों को फोन करके दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी.

उन्होंने बताया कि एक मार्च को बड़ौत थाने में पट्टी चौधरान कस्बा निवासी बिलाल ने अपने भाई नूर मोहम्मद और उनके एक दोस्त शावेज के अपहरण का मुकदमा दर्ज कराया था. पुलिस अधीक्षक के मुताबिक, मुकदमे में आरोप लगाया गया था अपहरण के बाद मोबाइल से कॉल करके दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी गयी थी. फिरौती नहीं देने पर जान से मारने की धमकी दी गई थी.

मामले में पुलिस अधीक्षक ने क्या बोला?

विजयवर्गीय ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर अपह्रत लोगों की तलाश शुरु कर दी थी. जिस मोबाइल नंबर से फिरौती मांगी गई थी उसको ट्रैक किया गया. उन्होंने बताया कि पुलिस ने 24 घंटे के अंदर, अपह्रत नूर मोहम्मद और उसके दोस्त शावेज को रविवार को सकुशल मुक्त करा लिया. साथ ही चार अपहरणकर्ताओं शिवम, रजत, प्रद्युम्न और विजय को गिरफ्तार कर लिया गया.

पढ़ें  हल्द्वानी से दवाइयां और ब्लड लेकर ड्रोन ने भरी उड़ान, कोटाबाग CHC तक ट्रायल सफल

विजयवर्गीय के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्तों ने पूछताछ में बताया कि शिवम और प्रद्युम्न नोएडा के सेक्टर 90 स्थित नूर मोहम्मद की एमसीएस सर्विसेज कंपनी में काम करते हैं. रजत, विजय, बृजेन्द्र, अमन, अजय, अनुज और राहुल शर्मा उसके दोस्त हैं. इन सभी ने योजनाबद्ध तरीके से फिरौती के लालच में नूर मोहम्मद व शावेज का नोएडा सेक्टर 90 से अपहरण किया था. उन्होंने बताया कि अपहरण के बाद बंधकों के परिजनों को फोन करके उन्होंने दो करोड़ रुपये की फिरौती मांगी थी.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment