चौधरी चरण सिंह जयंती; मुख्यमंत्री ने 25 किसानों को सौंपी ट्रैक्टरों की चाबी, गिनाईं डबल इंजन सरकार की उपलब्धियां

Sanchar Now
4 Min Read

लखनऊ: पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न चौधरी चरण सिंह की 123वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में भव्य ‘किसान सम्मान दिवस’ का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने इस मौके पर किसानों, एफपीओ (फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन) और कृषि वैज्ञानिकों को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में सीएम योगी ने चौधरी चरण सिंह के कार्यों और कृषक वर्ग के लिए किए गए योगदान को भी याद किया।

किसान सम्मान दिवस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पांच किसानों को ट्रैक्टर की चाबी सौंपी। इसके साथ ही उन्होंने हरी झंडी दिखाकर 25 ट्रैक्टरों को रवाना किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का संपूर्ण जीवन किसानों के अधिकार, सम्मान और ग्रामीण विकास के लिए समर्पित रहा। उनकी सोच और नीतियां आज भी देश की कृषि व्यवस्था के लिए मार्गदर्शक हैं।

इन किसानों को मिली ट्रैक्टर की चाबी

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विभिन्न जनपदों के किसानों को ट्रैक्टर की चाबी प्रदान की। इनमें जालौन की प्रवेशिका, शाहजहांपुर के उधम सिंह, फतेहपुर के मुकेश, मुजफ्फरनगर के श्रीपाल और लखीमपुर खीरी के जमाइफ खान शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों के माध्यम से खेती को अधिक लाभकारी बनाने का संदेश दिया।

उत्कृष्ट उत्पादन के लिए सम्मान

कार्यक्रम में विभिन्न फसलों के उत्कृष्ट उत्पादन के लिए किसानों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री ने सभी को एक-एक लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि, प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र भेंट किए। सम्मान पाने वालों में धान उत्पादन के लिए किसान कमलनाथ, गेहूं उत्पादन के लिए बिजेंद्र कुमार सिंह, चना उत्पादन के लिए आशीष तिवारी, मटर उत्पादन के लिए रामकिशुन, सरसों उत्पादन के लिए हीरालाल, अरहर उत्पादन के लिए रणधीर सिंह और ज्वार उत्पादन के लिए किसान अमरेश कुमार को सम्मानित किया गया।

पढ़ें  चिपको आंदोलन की प्रणेता गौरा देवी की 100वीं जयंती, सम्मान में डाक विभाग ने जारी किया Customized My Stamp

ये भी हुए सम्मानित

किसान सम्मान दिवस के अवसर पर विशिष्ट महिला किसान का पुरस्कार संध्या सिंह को दिया गया। उन्हें 75 हजार रुपये की राशि, अंगवस्त्र और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। एफपीओ श्रेणी में विकास कुमार सिंह (जया सीड्स कंपनी लिमिटेड, वाराणसी) को एक लाख रुपये, प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। कुलदीप मिश्र (गोंडा) को बीज विकास निगम में सर्वाधिक बीज सप्लाई करने वाले एफपीओ के रूप में सम्मान मिला।

औद्यानिक खेती के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए विकास कुमार सिंह को भी एक लाख रुपये, प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र से सम्मानित किया गया। इसके अलावा कृषि वैज्ञानिक के रूप में कृषि विज्ञान केंद्र, उन्नाव के डॉ. धीरज कुमार तिवारी को उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

किसानों के सम्मान से ही विकास

सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार किसानों की आय बढ़ाने, उन्हें आधुनिक तकनीक से जोड़ने और कृषि को लाभ का व्यवसाय बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि चौधरी चरण सिंह के आदर्शों पर चलते हुए किसानों का सम्मान और सशक्तिकरण सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सीएम ने कहा कि किसानों के सम्मान से ही प्रदेश का विकास संभव है। इसी नीति पर हमारी सरकार काम कर रही है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment