सीएम योगी ने खिचड़ी मेला 2026 को लेकर की समीक्षा, बोले- 1 जनवरी की भीड़ होगी मेले का लिटमस टेस्ट

Sanchar Now
4 Min Read

गोरखपुर। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार देर शाम गोरखनाथ मंदिर के बैठक कक्ष में प्रशासन, पुलिस, नगर निगम और विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में मकर संक्रांति पर आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध खिचड़ी मेला, गोरखपुर महोत्सव की तैयारियों तथा जिले में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्यमंत्री ने खिचड़ी मेला की तैयारियों को लगभग पूर्ण पाए जाने पर संतोष व्यक्त किया और कहा कि नववर्ष के पहले दिन मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ खिचड़ी मेला के प्रबंधन के लिए एक प्रकार की रिहर्सल होगी, जिससे व्यवस्थाओं को भौतिक रूप से परखने का अवसर मिलेगा।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष जोर
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने सभी संबंधित विभागों से खिचड़ी मेला की तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि पूर्व में निर्धारित समय सीमा से पहले ही अधिकांश कार्य संतोषजनक रूप से पूरे कर लिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि तैयारियों पर निरंतर निगरानी रखी जाए, क्योंकि एक जनवरी को गुरु गोरखनाथ जी के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर पहुंचेंगे। खिचड़ी मेला में दूर-दूर से आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुगम दर्शन व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए।

गोरखपुर महोत्सव में स्थानीय प्रतिभाओं को प्राथमिकता
11 से 13 जनवरी तक आयोजित होने वाले गोरखपुर महोत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि इस महोत्सव में स्थानीय कलाकारों और प्रतिभाओं को अधिक से अधिक मंच दिया जाए। पारंपरिक वाद्य यंत्रों, लोक गायन और नृत्य कलाओं को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि महोत्सव से जुड़े सभी शेष कार्य शीघ्र पूर्ण किए जाएं तथा विभिन्न क्षेत्रों के विकास, योजनाओं और उपलब्धियों पर केंद्रित गोष्ठियों का आयोजन भी किया जाए।

पढ़ें  मुठभेड़ में पुलिस ने दो ईनामी बदमाशों को गोली मारकर किया गिरफ्तार

रामगढ़ताल क्षेत्र में नववर्ष पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम
मुख्यमंत्री ने नववर्ष के पहले दिन रामगढ़ताल क्षेत्र में संभावित भारी भीड़ को देखते हुए व्यापक सुरक्षा और सुविधा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 31 दिसंबर और एक जनवरी को इस क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरों से सतत निगरानी रखी जाए ताकि किसी भी प्रकार की अराजकता न हो। इसके साथ ही अतिरिक्त पार्किंग की व्यवस्था कर उसका समय रहते प्रचार-प्रसार करने तथा सड़कों पर अवैध वाहन खड़े न होने देने के भी निर्देश दिए गए।

विकास परियोजनाओं में तेजी और गुणवत्तापूर्ण कार्य के निर्देश
जनपद में चल रही विकास परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी सड़क निर्माण कार्यों को गुणवत्ता के साथ शीघ्र पूरा कराया जाए। सुगम यातायात व्यवस्था प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने विरासत गलियारा परियोजना की प्रगति की समीक्षा कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए तथा इसके दायरे में प्रभावित दुकानदारों के व्यवस्थित पुनर्वास के लिए नगर निगम और जीडीए को पहल करने को कहा। इसके अलावा शीतलहर को देखते हुए आमजन की सुविधा के लिए पर्याप्त संख्या में अलाव जलवाने के भी निर्देश दिए गए। बैठक में महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, गोरखपुर ग्रामीण विधायक विपिन सिंह सहित प्रशासन, पुलिस और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment