बल‍िया में ट्रकों से वसूली मामले में सीएम योगी का एक्‍शन, SP-ASP हटाए गए; सीओ-एसओ समेत पूरी चौकी सस्‍पेंड

Sanchar Now
4 Min Read

बलिया में पुलिस वालों की वसूली के बड़े खुलासे के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा एक्शन लिया है। सीएम योगी ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत बलिया के पुलिस अधीक्षक और एएसपी को भी हटा दिया है। दोनों को कहीं तैनाती नहीं दी गई है। उन्हें प्रतीक्षारत कर दिया गया है। थानेदार और चौकी इंचार्ज को एडीजी ने ही निलंबित कर दिया था। सीएम योगी ने सीओ को भी निलंबित करने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही सीओ, एसएचओ और चौकी इंचार्ज की संपत्ति की खुली विजिलेंस जांच का आदेश दिया है। बलिया में नरही थाना क्षेत्र में बिहार से आने वाली ट्रकों से बड़े पैमाने पर वसूली का खुलासा खुद वाराणसी के एडीजी और डीआईजी की टीम ने औचक छापेमारी में की थी।

दोनों अधिकारी जींस और टी-शर्ट में वहां पहुंचे और वसूली करते रंगे हाथ पुलिस वालों और उनके दलालों को पकड़ा। पता चला कि हर ट्रक से 500 रुपए की वसूली हो रही थी। रोजाना वहां से एक हजार से ज्यादा ट्रक गुजरते हैं। ऐसे में रोजाना पांच लाख से ज्यादा की वसूली हो रही थी। इसके अलावा छोटी गाड़ियों से भी अलग अलग रेट पर वसूली होने की बात पता चली है।

क्या है पूरा मामला

वाराणसी जोन के एडीजी पीयूष मोर्डिया और आजमगढ़ परिक्षेत्र के डीआईजी वैभव कृष्ण ने गुरुवार भोर में बिहार बॉर्डर स्थित बक्सर-भरौली पुल पर छापा मारकर पुलिस की अवैध वसूली का भंडाफोड़ किया। इस मामले में नरहीं थानाध्यक्ष पन्नेलाल और कोरंटाडीह चौकी प्रभारी राजेश प्रभाकर समेत 17 पुलिसकर्मियों को निलम्बित कर दिया था। दो सिपाहियों और 16 दलाल गिरफ्तार किए गए। जबकि तीन सिपाही मौके से भाग निकले। छानबीन के दौरान 37 हजार 360 रुपये नगद, 25 मोबाइल, 14 मोटरसाइकिल और दो नोटबुक बरामद किए गए। एसओ व चौकी प्रभारी समेत सात पुलिसकर्मियों तथा 16 दलालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

पढ़ें  बीजेपी नेता बब्बन सिंह रघुवंशी का डांसर के साथ अश्लील हरकत करते वीडियो वायरल

वरिष्ठ अफसरों को शिकायत मिली थी कि इलाकाई पुलिस बक्सर-भरौली गंगा पुल से लाल बालू, मिट्टी, गिट्टी और कोयला लदे ट्रकों को अवैध ढंग से पास कराती है। इसके एवज में मोटी रकम वसूल होता है। बुधवार देररात वाराणसी जोन के एडीजी और डीआईजी ने सादी वर्दी में अपनी टीम के साथ पुल पर छापा मारा। इस दौरान भरौली पुल के पास मंदिर से नरहीं थाने के एक सिपाही और अवैध वसूली में लिप्त 16 दलाल पकड़ लिये गए। तीन सिपाही मौके से भाग निकले। वसूली कर रहे कोरंटाडीह पुलिस चौकी के एक सिपाही को भी गिरफ्तार कर लिया गया। अफसरों ने नरहीं थाने को खंगाला। एसओ पन्नेलाल के आवास को सील करने के साथ ही कुछ सामानों को जब्त भी करा लिया।

डीआईजी वैभव कृष्ण ने बताया कि बक्सर-भरौली पुल पर ट्रकों से अवैध वसूली की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। छापेमारी में दो सिपाही और 16 दलाल पकड़े गए हैं। मामले की जांच आजमगढ़ के एएसपी चिराग जैन को दी गई है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment