उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में आग का तांडव देखा गया। 8 किलोमीटर तक सड़क पर आग की लपटों में घिरा हुआ कंटेनर दौड़ता रहा। कंटेनर के अंदर भीषण आग लगी हुई थी। कंटेनर का ड्राइवर आग लगे हुए ट्रक को चलाए जा रहा था। कंटेनर में रखा लाखों रुपये का माल जलकर खाक हो गया।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम
ये घटना थाना चंदपा क्षेत्र के आगरा-अलीगढ़ बाईपास स्थित नगला भुस तिराहे की है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने कई घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
लाखों रुपये की साड़ियां जलीं
आग लगने से कंटेनर के अंदर रखीं लाखों रुपये के कीमत की साड़ियां जल गईं। कंटेनर में आग लगने से किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। ड्राइवर पूरी तरह सुरक्षित है।
बिजली का तार गिरने से लगी आग
कंटेनर के ड्राइवर ने बताया कि वह सूरत से हाथरस साड़ियां लेकर जा रहा था, तभी रास्ते में कंटेनर पर बिजली का तार टूट कर गिर गया। इससे कंटेनर में आग लग गई। ड्राइवर ने कहा कि शहर के रिहायसी इलाके मधुगढ़ी में खड़े कंटेनर में आग लगी थी।
जलते कंटेनर का पीछा करती रही फायर ब्रिगेड की टीम
कंटेनर में आग लगने के बाद ड्राइवर जलते हुए कंटेनर को लेकर शहर से बाहर 8 किलोमीटर दूर नगला भुस तिराहे पर पहुंचा। जहां सूचना के बाद फायर ब्रिगेड की टीम जलते हुए कंटेनर का 8 किलोमीटर तक पीछा करती रही। इस जलते हुए कंटेनर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।

