‘मेरा एनकाउंटर मत करिएगा, माफ कर दीजिए’ पुजारी के बेटे की हत्या में शामिल आरोपी पहुंचा थाने

Sanchar Now
3 Min Read

मिर्जापुर : देहात कोतवाली के गुरसंडी गांव में पुजारी के बेटे की हत्या के मुख्य आरोपी ने थाने में सरेंडर कर दिया. एनकाउंटर के डर के चलते आरोपी ने तख्ती लेकर थाने में आत्मसमर्पण किया है. दान पेटी के विवाद में गोली मार कर पुजारी के बेटे की हत्या की गई थी. आरोपी त्रिनयन दुबे ने हाथ में तख्ती लेकर थाने में सरेंडर किया है. साथ ही लगातार कहता रहा कि-मेरा एनकाउंटर मत करिए, मुझको माफ करिए.

पुजारी के बेटे की हुई थी हत्या: मंदिर की दान पेटी के विवाद को लेकर देहात कोतवाली थाना क्षेत्र के गुरसंडी गांव में पुजारी कृपाशंकर के बेटे की गोली मारकर एक अक्टूबर को हत्या कर दी गई थी. हत्या के पहले पुजारी पिता कृपाशंकर ने घूरसंडी चौकी में एक अक्टूबर को सुबह 8:00 बजे तहरीर दी थी. इसके 20 मिनट बाद 8:20 बजे आरोपी ने पुजारी के बेटे शिवदीप उर्फ श्रवण से विवाद कर लिया और उसकी गोली मारकर हत्या कर दी.

हाथ में तख्ती लेकर थाने पहुंचा: पुजारी कृपाशंकर ने इस मामले में त्रिनयनन दुबे उसके भाई दीपू दुबे, अंकुर दुबे, बजरंग लाल दुबे और अंबुज दुबे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया. पुलिस ने इस मामले में चार लोगों को गिरफ्तार कर पहले ही जेल भेज चुकी है. मुख्य आरोपी फरार था, जिसे सरेंडर करने के बाद गिरफ्तार कर लिया है. त्रिनयन थाने में प्रवेश करते हुए लगातार बोल रहा था कि आज आत्मसमर्पण कर रहा हूं, मेरा एनकाउंटर मत करिएगा, मुझको माफ करिए, मेरा एनकाउंटर न करिए, मुझको माफ करिए. इसके साथ ही तख्ती पर लिख रखा था- मैं अपराधी हूं, मैं पुलिस के एनकाउंटर के डर से थाने पर सरेंडर करने आया हूं. भविष्य में कोई अपराध नहीं करूंगा, मुझे जेल भेज दो. इसका एक वीडियो भी वायरल हो रहा है.

पढ़ें  तोता घाटी में भूस्खलन से ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे हुआ बंद, 60 किमी अतिरिक्त दूरी तय कर नरेंद्र नगर से जा रहे यात्री

पूरी पुलिस चौकी हुई थी सस्पेंड: इस घटना के बाद एसपी ने प्रभारी चौकी इंचार्ज दारोगा महफूज अहमद समेत 9 पुलिस कर्मियों को सस्पेंड कर दिया था. सभी पुलिस कर्मियों पर जांच भी बैठाई गई है. आरोप है कि पीड़ित की शिकायत पर भी पुलिस ने संज्ञान नहीं लिया. पुलिस की लापरवाही से युवक की जान गई.

देहात कोतवाली प्रभारी अजय सेठ ने बताया कि पुजारी के बेटे की गोली मारकर हत्या के मामले में एक अभियुक्त और गिरफ्तार किया गया है. मामले की जांच की जा रही है.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment