न्यू नोएडा के लिए मई में होगा ड्रोन सर्वे, फिर शुरू होगा 80 गांवों में भूमि अधिग्रहण, यह है पूरी प्‍लानिंग

Sanchar Now
4 Min Read

संचार नाउ। न्यू नोएडा परियोजना को जमीन पर उतारने की दिशा में नोएडा प्राधिकरण ने एक और अहम कदम बढ़ाया है. इसके तहत अब 80 चिह्नित गांवों में ड्रोन सर्वे कराया जाएगा, जिसकी तैयारी शुरू हो चुकी है. ड्रोन सर्वे से अवैध निर्माण की पहचान की जाएगी. किसानों से सहमति पर 15 गांवों की भूमि अधिग्रहण होगी. 10 दिन के अंदर सर्वे से संबंधित प्रेजेंटेशन (पीपीटी) तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं. सर्वे रिपोर्ट को अक्टूबर 2024 में हुए सेटेलाइट इमेज सर्वे से मिलाया जाएगा, जिससे वास्तविक अवैध निर्माण की जानकारी मिल सकेगी.  इसके बाद नोटिस देकर अवैध निर्माण को गिराया जाएगा.

‘न्‍यू नोएडा’ नाम से एक नया शहर

नोएडा प्राधिकरण ‘न्‍यू नोएडा’ नाम से एक नया शहर विकसित करने की योजना पर काम कर रहा है. यह यूपी के दादरी-नोएडा-गाजियाबाद विशेष निवेश क्षेत्र (DNGIR) के तहत 209.11 वर्ग किमी (20911.29 हेक्टेयर) क्षेत्र में बसाया जाएगा.  इस परियोजना के लिए भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है. ड्रोन सर्वे के बाद भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होगी। इसके लिए अथॉरिटी ने सभी तैयारियां कर ली हैं.

गौतम बुद्ध नगर व बुलंदशहर के 80 गांवों में ड्रोन सर्वे

इसके तहत गौतमबुद्ध नगर और बुलंदशहर के 80 गांवों में ड्रोन सर्वे कराने का फैसला लिया गया है. जिस कंपनी का चयन किया है उसको 10 दिन के भीतर सर्वे से संबंधित प्रेजेंटेशन (PPT) तैयार कर प्राधिकरण के सीईओ डॉ. लोकेश एम के सामने पेश करना होगा. PPT में बताया जाएगा कि ड्रोन सर्वे में किन प्‍वाइंट को शामिल किया जाएगा. मई में सर्वे शुरू होगा और 10 से 15 दिन में पूरा कर रिपोर्ट सौंपी जाएगी.

पढ़ें  25 हजार के इनामी बदमाश को बुलेट प्रूफ स्कॉर्पियो के साथ पुलिस ने किया गिरफ्तार

डेटा का वेरिफिकेशन और अवैध निर्माण की पहचान

ड्रोन सर्वे में जिन बिंदुओं को शामिल किया गया है, उन्हें PPT के माध्यम से प्रस्तुत किया जाएगा.  ड्रोन से जुटाए गए आंकड़ों का मिलान अक्टूबर 2024 की सेटेलाइट इमेज से किया जाएगा, ताकि नोट‍िफ‍िकेशन के बाद हुए अवैध निर्माण की सही पहचान की जा सके. इसके बाद संबंधित लोगों को नोटिस जारी कर अवैध निर्माण को गिराया जाएगा.

कुल 80 गांवों में लगभग 16 हजार किसान परिवारों से बातचीत

न्‍यू नोएडा के पहले चरण में 15 गांवों की जमीन किसानों से आपसी सहमति के आधार पर ली जाएगी. किसानों के साथ मुआवजे की दर पर चर्चा हुई लेकिन अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है. माना जा रहा है कि जल्दी ही अगली बैठक में दर तय की जाएगी.  कुल 80 गांवों में लगभग 16 हजार किसान परिवारों से बातचीत होगी.  पहले फेज में 3165 हेक्टेयर भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा.

ड्रोन सर्वे में कौन से बिंदु होंगे

बुलंदशहर के 60 और गौतमबुद्ध नगर के 20 गांवों का सर्वे किया जाएगा. खसरा नंबर के अनुसार जमीन की जांच खाली और निर्मित भूमि की पहचान से होगी. सड़क, पार्क, स्कूल, कॉलेज, औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों की जानकारी भी ली जाएगी.

चार चरणों में होगा भूमि अधिग्रहण

1- 2023–2027: 3165 हेक्टेयर
2- 2027–2032: 3798 हेक्टेयर
3- 2032–2037: 5908 हेक्टेयर
4- 2037–2041: 8230 हेक्टेयर

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment