देवरिया में छात्र नेता विशाल मर्डर केस के आरोपी का एनकाउंटर, पुरानी रंजिश में चाकू से गोदकर की थी हत्या

Sanchar Now
4 Min Read

देवरिया: उत्तर प्रदेश के देवरिया में छात्र नेता विशाल सिंह के हत्यारोपी को पुलिस ने एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पैर में गोली मारकर गिरफ्तार किया। मंगलवार की भोर में पुलिस की आरोपी के साथ मुठभेड़ हुई। अपर पुलिस अधीक्षक दीपेंद्र नाथ चौधरी ने बताया कि विशाल सिंह हत्याकांड में शामिल मुख्य आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। बाकी बदमाशों को भी शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

गौरतलब है कि 3 दिन पहले शनिवार को ही विशाल सिंह की हत्या चाकुओं से गोदकर कर दी गई थी। जनपद में एक ही जाति से जुड़े लोगों की यह तीसरी हत्या की वारदात थी, जिसके बाद राजनीतिक रंग जोर पकड़ रहा था। सोशल मीडिया एक्स पर भी देवरिया क्षत्रिय नरसंहार ट्रेंड कर रहा था।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोरखपुर के शाहपुर थाना क्षेत्र के घोसीपुरा मुहल्ले के निवासी मोहम्मद रजा खान के तौर पर की गई है। उसने जुर्म स्वीकार करते हुए बताया कि पुराने विवाद को लेकर शनिवार की रात को चाकुओं से गोदकर विशाल सिंह की हत्या की थी। इसके बाद पुलिस ने उसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया है।

पुलिस और एसओजी की टीम ने खुफिया इनपुट के आधार पर आरोपी को मुठभेड़ के बाद धर दबोचा। हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी के लिए करणी सेना के अध्यक्ष वीर प्रताप सिंह ने प्रशासन को कड़ी चेतावनी दी थी। पुलिस इस घटना में शामिल अब अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।

निहाल के हत्यारों पर कार्यवाही के लिए सक्रिय था विशाल

पढ़ें  ‘मेरा एनकाउंटर मत करिएगा, माफ कर दीजिए’ पुजारी के बेटे की हत्या में शामिल आरोपी पहुंचा थाने

बीते शनिवार की रात को एकौना थाना क्षेत्र के हौली बलिया गांव निवासी विशाल सिंह पुत्र विनीत सिंह को घर से बुलाकर चाकू से गोदकर उसकी हत्या कर दी गई थी। विशाल का शव रुद्रपुर करहकोल मार्ग पर मिला था। इस मामले में विशाल के परिजनों ने मुहम्मद राजा खान, फ़ैज़, रैनी निवासी घोसीपुरा थाना शाहपुर एवं विनोद जायसवाल निवासी कौड़ीराम जिला गोरखपुर के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया।

एक पखवारे पूर्व हुई निहाल सिंह के हत्यारों को सजा दिलाने के लिए विशाल काफी सक्रिय था। सोमवार को करणी सेवा के अध्यक्ष वीर प्रताप सिंह वीरू निहाल के परिजनों से मिलने उनके गांव पहुंचे थे। जहां उन्होंने पुलिस प्रशासन को इस घटना के लिए जिम्मेदार मानते हुए 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। करणी सेना के अल्टीमेट के बाद पुलिस अधीक्षक ने एकौना के थानेदार दिलीप कुमार पांडेय को निलंबित कर दिया।

करणी सेना की चेतावनी के बाद प्रशासन सख्त

देवरिया जिले में बीते 18 दिनों में 6 हत्याएं हुई है। जिसमें से तीन हत्याएं ठाकुर जाति के लोगों की हुई है। इसमें बनकटा थाना क्षेत्र के जंजीरहा गांव के प्रधान अजीत उर्फ जड़ी सिंह की हत्या दीपावली की रात कर दी गई थी। छठ पर्व के दिन मदनपुर थाना क्षेत्र के मोहरा समोगर गांव निवासी निहाल सिंह की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment