बलात्‍कार और दहेज हत्या के मामले में ससुर और पति गिरफ्तार

Sanchar Now
3 Min Read

उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के बैरिया में कथित तौर पर बहू से रेप और दहेज के लिए उसकी हत्या के मामले में पुलिस ने एक शख्स और उसके बेटे को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी. पुलिस क्षेत्राधिकारी (CO) मोहम्मद उस्मान ने परिजनों की ओर से दर्ज कराये गए शिकायत के हवाले से बताया कि पीड़िता के ससुर शंकर दयाल चौबे और पति आनंद चौबे को गिरफ्तार किया गया है. आरोप है कि बीते 25 जून को 22 साल की विवाहिता को दहेज की मांग पूरी न होने पर दोनों ने मिलकर उसके शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़का और आग लगा दी.

उन्‍होंने बताया कि इस मामले में विवाहिता के भाई कमल की तहरीर पर बैरिया थाने में हत्या के प्रयास और दहेज उत्पीड़न समेत संबंधित धाराओं में नामजद मामला दर्ज किया गया. गंभीर रूप से झुलसी विवाहिता को अस्पताल में भर्ती कराया गया. उन्होंने बताया कि विवाहिता ने अस्पताल में मजिस्ट्रेट को मृत्यु पूर्व बयान दिया कि 25 जून को उसके ससुर शंकर दयाल चौबे ने उसके साथ रेप भी किया था. इसके बाद ससुर व पति आनंद चौबे ने उसके शरीर पर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी. विवाहिता की तीन जुलाई को मौत हो गई.

सीओ ने बताया कि विवाहिता के बयान के आधार पर मुकदमे में भारतीय दंड संहिता की धारा 304 बी (दहेज हत्या) व 376 (दुष्कर्म) जोड़ी गई. उन्होंने बताया कि पुलिस ने गुरुवार को आरोपी शंकर दयाल चौबे व आनंद चौबे को गिरफ्तार कर लिया. विवाहिता बैरिया थाना क्षेत्र के ही एक गांव की रहने वाली थी तथा उसकी दो साल पहले ही शादी हुई थी.

पढ़ें  यूपी में जन शिकायतों के निस्तारण में देरी अधिकारियों को पड़ेगी भारी, सीएम योगी ने द‍िए सख्‍त न‍िर्देश

ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप

वहीं, झारखंड के हजारीबाग जिले में भी एक नवविवाहित युवती मृत पाई गई. इसके बाद परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है. पुलिस ने बताया कि 18 वर्षीय युवती की 13 जून को शादी हुई थी. पीड़िता का शव उसके ससुराल के स्नानघर में मिला. पुलिस ने कहा कि उसने मृतका के पति को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके दो भाई और एक भाभी फरार हैं. पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता के पिता ने आरोप लगाया कि उसके ससुराल वाले उसे लगातार प्रताड़ित करते थे.

पुलिस के मुताबिक, उन्होंने आरोप लगाया कि युवती की उसके पति और परिवार के अन्य सदस्यों ने हत्या कर दी और इसे आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को स्नानघर में लटका दिया गया. कटकमदाग पुलिस थाने के प्रभारी डी.के. प्रजापति ने कहा कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. उन्होंने कहा कि मामले की जांच जारी है.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment