सरकार ने तुर्की की ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज की सुरक्षा मंजूरी रद्द की

Sanchar Now
3 Min Read

नई दिल्ली: केंद्र सरकार ने तुर्की की एक कंपनी, सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज (Celebi Airport Services) को लेकर एक बड़ा फैसला लिया है। सरकार ने सेलेबी कंपनी की सिक्योरिटी क्लीयरेंस रद्द कर दी है। यह कंपनी मुंबई एयरपोर्ट पर ग्राउंड हैंडलिंग का काम करती है। इसका मतलब है कि हवाई अड्डे पर यात्रियों की मदद करना, सामान का ध्यान रखना और विमानों के संचालन में मदद करना जैसे काम ये कंपनी करती है।

सेलेबी कंपनी मुंबई एयरपोर्ट पर लगभग 70% ग्राउंड ऑपरेशन्स संभालती है। इसमें यात्रियों की सेवा, लोड कंट्रोल, फ्लाइट ऑपरेशन्स, कार्गो और पोस्टल सर्विस, वेयरहाउस और ब्रिज ऑपरेशन्स जैसे काम शामिल हैं। सरकार के आदेश में कहा गया है, ‘सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को ग्राउंड हैंडलिंग एजेंसी के तौर पर DG, BCAS ने 21 नवंबर 2022 को सिक्योरिटी क्लीयरेंस दी थी। लेकिन अब DG, BCAS को मिली शक्ति का इस्तेमाल करते हुए, सेलेबी एयरपोर्ट सर्विसेज इंडिया प्राइवेट लिमिटेड की सिक्योरिटी क्लीयरेंस तत्काल प्रभाव से रद्द की जाती है। यह फैसला देश की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए लिया गया है।’

क्यों लिया यह एक्शन?

दरअसल, तुर्की के राष्ट्रपति एर्दोगन ने कश्मीर मुद्दे पर पाकिस्तान का खुलकर समर्थन किया था। इससे भारत और तुर्की के रिश्तों में खटास आ गई है। इसके जवाब में, भारत ने भी अपनी विदेश नीति में बदलाव किया है। भारत, तुर्की के विरोधी देशों के साथ मिलकर काम कर रहा है और क्षेत्र की बड़ी ताकतों के साथ दोस्ती बढ़ा रहा है।

भारत ने तुर्की के प्रभाव को कम करने के लिए कुछ देशों के साथ अपनी दोस्ती को और मजबूत किया है। इसमें ग्रीस, आर्मेनिया और साइप्रस जैसे देश शामिल हैं। ये देश ऐतिहासिक रूप से तुर्की के विरोधी रहे हैं। पहले खबर आई थी कि ऑपरेशन सिंदूर के बाद पाकिस्तान का समर्थन करने पर भारतीयों ने तुर्की और अजरबैजान का बहिष्कार किया था। अब सरकार ने भी इस दिशा में कदम उठाया है।

पढ़ें  NASA: नासा ने किया पृथ्वी जैसा ग्रह खोजने का दावा, नाम दिया 'सुपर अर्थ'; जानें धरती से कितना है दूर

9 एयरपोर्ट पर सुरक्षा का काम

सेलेबी एविएशन देश के नौ एयरपोर्ट्स पर सुरक्षा का काम देखती है। इनमें दिल्ली, मुंबई और चेन्नई जैसे बड़े हवाई अड्डे भी शामिल हैं। यह कंपनी भारत में सालाना 58,000 उड़ानों को मैनेज करती है।

तुर्की की यह कंपनी भारत में कई तरह के काम करती है। इनमें ग्राउंड हैंडलिंग, कार्गो मैनेजमेंट और एयरपोर्ट से जुड़े कई दूसरे ऑपरेशंस शामिल हैं। ये सभी काम बहुत ही संवेदनशील माने जाते हैं क्योंकि एयरपोर्ट का माहौल बहुत ही सुरक्षित और नियमों से बंधा होता है। सुरक्षा में जरा सी भी चूक भारी पड़ सकती है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment