ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब ने सीतापुर में पत्रकार राघवेंद्र वाजपेई की हत्या पर की न्याय और सुरक्षा की मांग

Sanchar Now
3 Min Read

संचार नाउ। ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब ने सीतापुर में दैनिक समाचार पत्र के पत्रकार राघवेंद्र वाजपेई की सरेराह गोली मारकर हत्या की घटना पर कड़ा विरोध जताया है। प्रेस क्लब ने गौतम बुद्ध नगर के जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन सौंपा। इस दौरान पत्रकार की हत्या में शामिल लोगों को जल्द गिरफ्तार करें व पत्रकार सुरक्षा कानून बनाने की भी मांग की।

पीड़ित परिवार को मिले न्याय और सुरक्षा

ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के अध्यक्ष नरेंद्र भाटी ने बताया कि बीते 8 मार्च को जिला सीतापुर में एक दैनिक समाचार पत्र के पत्रकार राघवेंद्र वाजपेई की अज्ञात बदमाशों ने सरेराह गोली मारकर हत्या कर दी गयी। उन्होंने कहा की इस घटना से पत्रकार समाज मे गहरा रोष है उनकी प्रदेश सरकार से मांग की है कि दिवंगत पत्रकार के परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिया जाए। मृतक की पत्नी को योग्यतानुसार सरकारी नौकरी दी जाए, जिससे उनके परिवार का भरण-पोषण हो सके।

इस दौरान नरेंद्र भाटी ने जोर देकर कहा कि दिवंगत पत्रकार के हत्यारों को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उनके खिलाफ फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाया जाए, ताकि उन्हें कठोरतम सजा मिल सके और भविष्य में कोई भी पत्रकारों पर हमला करने से पहले सौ बार सोचने को मजबूर हो। इसके साथ ही ज्ञापन में यह भी मांग की गई कि हत्या के आरोपियों और उनके सहयोगियों की संपत्ति को तत्काल जप्त किया जाए और उनके खिलाफ बुलडोजर की कार्रवाई की जाए, जिससे अपराधियों में कानून का भय बना रहे।

पढ़ें  शादी से लौट रहे परिवार की कार पेड़ से टकराई, बच्चे सहित दंपति की मौत

प्रदेश में जल्द बने पत्रकार सुरक्षा कानून

ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब के महासचिव नितिन शर्मा और कोषाध्यक्ष कैलाश चंद्र ने उत्तर प्रदेश सरकार से पत्रकार सुरक्षा कानून शीघ्र लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार पत्रकारों पर हमले हो रहे हैं, जिससे पत्रकारों में असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। इसके साथ ही पुलिस प्रशासन को सख्त निर्देश दिए जाएं कि पत्रकारों की सुरक्षा को प्राथमिकता पर रखा जाए और उनके साथ किसी भी प्रकार की हिंसा या धमकी को गंभीरता से लिया जाए।

ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब ने मुख्यमंत्री से अपील की है कि इस गंभीर विषय पर तत्काल संज्ञान लिया जाए, ताकि भविष्य में किसी भी पत्रकार को इस प्रकार की हिंसा का शिकार न होना पड़े और वे भयमुक्त वातावरण में निष्पक्ष पत्रकारिता कर सकें। इस दौरान कपिल चौधरी, सोनू नागर और गौरव शर्मा सहित अन्य पत्रकार मौजूद रहे।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment