ग्रेटर नोएडा पुलिस ने दबोचा 50 हजार का इनामी बदमाश, इन बड़ी कंपनियों के साथ कर रहा था बड़ा खेल

Sanchar Now
3 Min Read

ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश की ग्रेटर नोएडा पुलिस ने एक इनामी वॉन्‍टेड आरोपी को धर दबोचा है। पुलिस को इसकी काफी समय से तलाश थी। फरारी काट रहे 50 हजार रुपये के इनामी आरोपी की पहचान इमरान तोतला (32) निवासी आपदा मोहल्ला खुर्जा नगर जिला बुलन्दशहर के रूप में हुई है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न थानों में तीन केस दर्ज है। इस कार्रवाई को थाना बिसरख पुलिस ने अंजाम दिया है।

थाना पुलिस के मुताबिक, आरोपी इमरान उर्फ तोतला और उसके साथी भारत में बिना वीजा के प्रवेश कर फर्जी आईडी पर भारतीय सिम कार्ड हासिल करते थे। ये सिम कार्ड जियो, बीएसएनएल, एयरटेल और वीआई जैसी कंपनियों के होते थे। इन सिम पर आने वाले एसएमएस और ओटीपी को चाइनीज ऐप फिजीऐप के माध्यम से कंबोडिया देश में बैठे चीनी नागरिकों को भेजते थे।

इसके बाद चीनी नागरिक वहां से भारत की प्रसिद्ध कंपनियों का पर्सनल डाटा हैक कर यहां भारत में रहने वाले व्यक्तियों के साथ साइबर फ्रॉड कर ठगी करते थे। इसके अलावा ये गैंग भारतीय व्यक्तियों को कम्प्यूटर ऑपरेटर की नौकरी का झांसा देकर विदेश ले जाते थे। वहां पहुंच जाने के बाद उनसे भारतीय कंपनियों तथा नागरिकों से ठगी करने का कार्य कराते थे। ठगी करने से मना करने पर विदेशी पुलिस से गिरफ्तार करवा देते थे। इस मामले में थाना बिसरख पर धारा 420/ 467/468/471/120 बी 370(3) भादवि तथा 14 विदेशी विषयक अधि0 के तहत केस दर्ज है।

घटना से सम्बन्धित पूर्व में ही पुलिस ने एक चीनी नागरिक एसयू योमिंग, (SU YOUMING) एक नेपाली नागरिक अनिल थापा और एक भारतीय नागरिक विनोद उर्फ अगस्तय भाटी को गिरफ्तार कर जेल भेजा है। आरोपी इमरान लम्बे समय से लगातार फरार चल रहा था। पुलिस इसकी तलाश कर रही थी। इसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस के उच्चाधिकारियों की ओर से इस पर 50,000 रूपये का इनाम घोषित किया गया था।

पढ़ें  बहलोलपुर की झुग्गियों में लगी आग, अग्निशमन टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

एडीसीपी सेंट्रल नोएडा शैव्या गोयल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी, जालसाजी और मानव तस्करी समेत कई धाराओं में केस दर्ज है। थाना बिसरख पुलिस ने लोकल इंटेलिजेंस और इलेक्ट्रॉनिक सर्विलांस की मदद से इमरान को चार मूर्ति की तरफ जाने वाली सर्विस लेन से पकड़ा है। आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया है। आरोपी के खिलाफ जनपद बुलंदशहर के थाना खुर्जा नगर में दो केस और गौतमबुद्ध के थाना बिसरख पर एक केस दर्ज है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment