एकतरफा प्‍यार में पागल सिरफिरे ने भाई के सामने बहन को जिंदा जलाया, चीखें सुन सदमे में चला गया मासूम

Sanchar Now
4 Min Read

उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक सिरफिरे आशिक ने एकतरफा प्यार में किशोरी को जिंदा जला दिया। इसके बाद मौके से फरार हो गया। आंखों के सामने जिंदा जलते और उसकी चीख सुनकर आठ वर्षीय भाई सदमे में चला गया। घटना से पूरा परिवार दहशत में है। गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है।

घटना कोतवाली क्षेत्र के नगला पजाबा गांव की है। गांव निवासी राजेश कुमार को एक बेटी शिल्पी (17) और एक बेटा अर्पित (8) है। राजेश किसानी करके परिवार का पालन पोषण करता है। मंगलवार की सुबह भी वह परिवार के खेत पर काम करने के लिए गया था। घर पर खाना बनाने के लिए शिल्पी को और उसकी मदद के लिए अर्पित को घर पर छोड़ गया था।

अंकित को देख भाई-बहन डर गए

अर्पित ने बताया कि दोपहर का समय था। इसी समय पड़ोस में रहने वाला अंकित उसके घर आ गया। अंकित को देख शिल्पी और अर्पित डर गए। वह उसे घर से जाने के लिए कहने लगे। बताया कि अंकित अक्सर दीदी के साथ छेड़छाड़ करता रहता था। वह उससे प्यार करने का दावा करता और उसके लिए कुछ भी करने की बात कहता। लेकिन, दीदी उससे प्यार नहीं करती थी। वह छेड़छाड़ का विरोध करती थी।

घर में घुसकर करने लगा छेड़छाड़ 

बताया कि अंकित दीदी के साथ छेड़छाड़ करता है, यह बात उसके घर वालों को भी पता थी। शायद इसलिए भी वह अर्पित के घर पर छोड़कर गए थे। शिल्पी के एकतरफा प्यार में पागल अंकित मंगलवार की दोपहर भी उसके घर में घुसकर छेड़छाड़ करने लगा। उसने इसका विरोध किया तो सिरफिरा अंकित गुस्से से पागल हो गया।

पढ़ें  Kanpur: कार चलानी नहीं आती थी तो 10KM धक्का लगाकर चुरा ले गए वैन

जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागी

बताया कि वह घर के अंदर गया। उसे सामने एक बोतल में मिट्टी का तेल रखा दिख गया। उसने मिट्टी की तेल उठाया और दीदी के ऊपर उड़ेल दिया। वह मिट्टी के तेल में पूरी तरह भीग गई। इसके बाद वह कुछ समझ पाती सिरफिरे ने माचिस से आग लगा दी। आग की लपटों की तपन से वह चीखने लगी। वह जान बचाने के लिए बाहर की तरफ भागी।

भाई के आंखों के सामने बहन जिंदा जल गई

चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके की तरफ दौड़े। दृश्य देखकर सभी के रोंगटे खड़े हो गए। आंखों के सामने बहन को जिंदा जलते और चीख सुनकर अर्पित सदमें में चला गया। उसके मुंह से आवाज निकलनी बंद हो गई। लोगों की सूचना पर राजेश व परिजन भागते हुए घर पहुंचे। वह बेटी को लेकर तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचे।

गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है

यहां उसकी हालत नाजुक देखते हुए डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे आनन फानन मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे। यहां कुछ ही समय में शिल्पी ने दम तोड़ दिया। घर में चीख पुकार मची हुई है। घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा हुआ है। राजेश ने आरोपी के खिलाफ थाने में तहरीर दी है।

आरोपी को पकड़ने के लिए टीमें लगाई गई हैं

राजेश ने कहा कि मेरी लाडो तो इस दुनिया को छोड़कर चली गई। लेकिन, आरोपी को कड़ी सजा मिलनी चाहिए। प्रभारी एएसपी राजेश कुमार ने बताया कि परिजन की तरफ से तहरीर मिली है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। आरोपी की तलाश के लिए टीमें लगाई गई हैं। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

पढ़ें  सेना की तैयारी में जुटे युवकों को अज्ञात वाहन ने कुचला, तीन की दर्दनाक मौत, दो घायल
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment