भारत ने श्रीलंका का किया सूपड़ा साफ, रिंकू-सूर्या ने गेंदबाजी में रचा इतिहास; सुपर ओवर तक चला रोमांच

Sanchar Now
4 Min Read

भारत और श्रीलंका के बीच खेले गए तीसरे टी-20 इंटरनेशनल में रोमांच का चरम देखने को मिला। लेकिन भारत के बल्लेबाजों ने आखिरी दो ओवरों में गेंदबाजी करके श्रीलंका के हाथों से जीत छीन ली। हालांकि भारत के लिहाज से मैच का टर्निंग प्वाइंट 17वां ओवर था। जब श्रीलंका को जीत के लिए 23 रन चाहिए थे। कुसल परेरा के रूप में श्रीलंका के पास एक भरोसेमंद बल्लेबाज था, आठ विकेट बाकी थे। लेकिन वॉशिंगटन सुंदर ने दो विकेट निकालकर मैच पलट दिया। सुंदर के ओवर के बाद भारत के पास कोई स्पिन गेंदबाज नहीं था, जो पल्लेकल की धीमी पिच पर गेंदबाजी कर सके। इस मैच में भारत ने हार्दिक पंड्या, अर्शदीप सिंह, अक्षर पटेल और ऋषभ पंत को आराम दिया था। इसलिए आखिरी दो ओवर निर्णायक हो जाते हैं।

18वें ओवर की समाप्ति के बाद श्रीलंका का स्कोर था 4 विकेट पर 129 रन, उसके 6 बल्लेबाज बाकी थे। जीतने के लिए 9 रनों की जरूरत थी, भारत के पास स्पेशलिस्ट स्पिन गेंदबाज नहीं थे। श्रीलंका आराम से जीत सकता था, लेकिन यहीं पर कप्तान सूर्य कुमार यादव ने पहले रिंकू सिंह को मोर्चे पर लगाया और फिर खुद कमान संभाली।

आखिरी 12 गेंदों का रोमांच

रिंकू सिंह ने 19वां ओवर फेंका – उनकी पहली गेंद पर कोई रन नहीं बना। दूसरी गेंद पर रिंकू ने खतरनाक दिख रहे कुसल परेरा को कैच आउट कर दिया। तीसरी गेंद पर एक रन बना और चौथी गेंद पर रिंकू ने दो रन दिए। पांचवीं गेंद रिंकू ने फिर डॉट फेंकी। कोई रन नहीं बना। और छठीं गेंद पर रिंकू सिंह ने रमेश मेंडिस को गिल के हाथों सीमा रेखा पर कैच करा दिया। भारत ने मैच में वापसी कर ली थी। रिंकू ने अपने ओवर में सिर्फ 3 रन दिए और दो विकेट निकाले।

पढ़ें  हत्या का केस दर्ज लेकिन शाकिब अल हसन को कोई परेशान नहीं करेगा…BCB ने देश वापसी के लिए की अपील

20वां ओवर खुद कप्तान सूर्य कुमार यादव ने डाला। श्रीलंका को जीत के लिए 6 रन चाहिए थे। सूर्या ने पहली गेंद पर कोई रन नहीं दिया। दूसरी गेंद पर कप्तान ने के. मेंडिस को आउट कर दिया। स्कोर अभी 132/7 था। सूर्या की तीसरी गेंद का एम. तीक्ष्णा ने सामना किया। जोरदार अपील हुई। अंपायर ने नकार दिया। कप्तान ने रिव्यू लिया और तीक्ष्णा को कैच आउट करार दिया गया। सूर्या की तीन गेंदों पर कोई रन नहीं बना। स्कोर अब 132/8 था।

अंतिम तीन गेंदे बाकी थीं, चौथी गेंद पर एक रन बना। पांचवीं और छठीं गेंद पर सूर्या ने सिर्फ दो रन दिए। मैच टाई हो गया था। इस तरह भारत ने मैच में वापसी की। बता दें कि 15वें ओवर में श्रीलंका का स्कोर 108/1 था, लेकिन अगले पांच ओवर में श्रीलंका ने 29 रन बनाने में 9 विकेट गंवाए।

सुपर ओवर में वॉशिंगटन सुंदर ने दो विकेट निकाल श्रीलंका को पस्त कर दिया। सुंदर ने सुपर ओवर की तीसरी और चौथी गेंद पर पहले कुसल को और फिर निसंका को आउट किया। श्रीलंका ने सिर्फ दो रन बना। भारत की ओर से सुपर ओवर में गिल और सूर्या उतरे। कप्तान सूर्या ने पहली ही गेंद पर चौका जड़ मुकाबला अपने नाम कर लिया। इसी जीत के साथ भारत ने सीरीज में श्रीलंका का सूपड़ा साफ कर दिया।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment