गुरुग्राम के क्लब मालिक पर दिल्ली में अंधाधुंध फायरिंग, एम्स के ट्रामा सेंटर में भर्ती

Sanchar Now
3 Min Read

गुरुग्राम के एक क्लब मालिक पर दिल्ली में कुछ लोगों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. जिसमें वह बाल-बाल बच गए. दक्षिण दिल्ली पुलिस के मुताबिक, 21 दिसंबर को सुबह 8.53 बजे थाना फतेहपुर बेरी में पीसीआर पर एक कॉल आई. कॉलर ने कहा कि कार सवार उसके भाई सुंदर पर कुछ लोगों ने गोलियां चलाईं. इसी के साथ उन लोगों ने रॉड से सुंदर पर हमला भी किया. गोलियां गाड़ी पर लगीं लेकिन खुद का बचाव करते-करते उसके भाई के सिर में चोट आई है.

सूचना मिलते ही पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची. वहां से पुलिस को सड़क पर तीन खाली कारतूस मिले और सड़क किनारे क्षतिग्रस्त क्रेटा कार भी मिली. घायल सुंदर को उनके परिजनों ने एम्स ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है. जहां उनका इलाज जारी है. वहीं, पुलिस आरोपियों का पता लगाने में जुटी हुई है.

वारदात फतेहपुरी बेरी के डेरा मंडी इलाके के फार्म नंबर 21 के सामने घटी. राहुल नामक युवक ने पुलिस को बताया, ‘मेरा भाई सुंदर गुरुग्राम में KING CLUB नाम से क्लब चलाता है. आज सुबह जब वह घर आ रहा था तो कुछ लोगों ने उस पर हमला कर दिया.’

इसके अलावा सुंदर के दोस्त हरकेश ने बताया कि फरीदाबाद स्थित तिगांव के रहने वाले कुछ लोगों की सुंदर के साथ लेन-देन को लेकर पुरानी दुश्मनी है. हरकेश ने कहा, ‘ आज सुबह करीब 8 बजे जब सुंदर अपनी सफेद रंग की क्रेटा कार में गुरुग्राम क्लब से अपने घर डेरा गांव आ रहा था तो उसने मुझे फोन पर बताया कि दो HR-51 नंबर की कारें उसका पीछा कर रही हैं. सुंदर ने बताया कि कार सवार लोगों ने ग्वाल पहाड़ी चौकी, गुरुग्राम, हरियाणा के पास उस पर गोलियां चलाईं और वे उसका पीछा करते रहे हैं. जब सुंदर फार्म फतेहपुर बेरी के सामने पहुंचा, तो उन्होंने उसे रोका और उसकी क्रेटा कार पर फायरिंग की और लोहे की रॉड से उस पर हमला किया. फिर मौके से भाग गए.’

पढ़ें  बड़े हमले का इरादा, नेपाल सीमा से घुसे…हिजबुल के 3 आतंकी अरेस्ट

चंदन चौधरी (डीसीपी साउथ ) ने बताया कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है. आरोपियों का पता लगाकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment