दवा कारोबारी के अगवा बेटे की बेरहमी से हत्या, चित्रकूट के जंगल से मिला शव

Sanchar Now
6 Min Read

प्रयागराज के शंकरगढ़ में कारोबारी के 13 साल के इकलौते बेटे की किडनैप करके हत्या कर दी गई। रविवार सुबह बच्चे का शव चित्रकूट के जंगल में मिला है। शनिवार शाम को बच्चे के अपहरण के 5 घंटे बाद पिता के मोबाइल पर बदमाशों की एक कॉल आई। इसमें कहा था कि 15 लाख रुपए लेकर रीवा के डभऊरा के जंगल में आओ…नहीं तो तुम्हारे बेटे को गोली मार देंगे। पिता ने यह सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने नंबर सर्विलांस पर लगाकर जांच शुरू की। हालांकि, पुलिस किडनैपर्स तक पहुंचे इससे पहले ही सुबह 8 बजे के करीब बच्चे की लाश जंगल में मिल गई।

बच्चे का शव मिलने के करीब 4 घंटे बाद प्रयागराज कमिश्ननर रमित शर्मा ने प्रेस कॉफ्रेंस की। उन्होंने कहा कि बच्चे की किडनैपिंग करने वाले बदमाशों से शंकरगढ़ में पुलिस की मुठभेड़ हुई। इसमें दो किडनैपर्स सुखदेव और संजय को गोली लगी है। वहीं, एनकाउंटर में एक सिपाही को भी बुलेट लगी है। कमिश्ननर ने बताया कि आरोपी बच्चे के परिवार को जानते थे। आरोपी सुखदेव का भाई लोकनाथ बच्चे के पिता का ट्रक चलाता था।

प्रयागराज जिला मुख्यालय से करीब 40 किमी. दूर शकंरगढ़ में पुष्पराज केसरवानी उर्फ विक्की परिवार के रहते हैं। उनका ट्रांसपोर्ट का कारोबार है। परिवार में पत्नी के अलावा 13 साल का बेटा शुभ 11 साल की बेटी शुभी है। परिजनों के मुताबिक, शनिवार शाम 4 बजे बेटा शुभ शंकरगढ़ में ही दुकान के आसपास खेल रहा था। यहां से अचानक वह लापता हो गया। काफी देर जब नजर नहीं आया तो परिवार ने आसपास तलाश किया। लेकिन बच्चे का कहीं कुछ पता नहीं चल सका।

पढ़ें  सादे कपड़ों में पहुंची टीम, बाज जैसा झपट्‌टा मारा और कानूनगो को कर लिया गिरफ्तार, हक्के-बक्के रह गए कर्मचारी

5 घंटे बाद आई फिरौती की कॉल

पिता पुष्पराज ने शंकरगढ़ पुलिस को शाम को बेटे की गुमशुदगी की तहरीर दी। पुलिस से शिकायत के करीब 5 घंटे बाद यानी रात 9 बजे पिता के मोबाइल पर एक फोन आया। इसमें कहा गया कि 15 लाख लेकर जंगल में आओ, नहीं तो बेटे को गोली मार देंगे। फिरौती का फोन आने की जानकारी मिलते ही घर में कोहराम मच गया। पिता ने रिश्तेदारों को इसकी जानकारी दी। फिर शंकरगढ़ पुलिस को फिरौती के फोन के बारे में बताया।

इसके बाद पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कर ली। मामला किडनैपिंग से जुड़ने के बाद पुलिस हरकत में आई। जिस नंबर से फिरौती की कॉल आई उसे सर्विलांस में लगाया गया। डीसीपी यमुनानगर अभिनव त्यागी ने परिजनों से डिटेल्स ली। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस टीम को रवाना किया गया। लेकिन, कुछ ठोस हाथ नहीं आया।

सुबह 8 बजे मिली लाश, हाथ-पैर बांधे थे, मुंह में कपड़ा ठूंसा था

उधर, रविवार सुबह अरवारा मोड़ के जंगल में एक बच्चे की लाश मिली। स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची तो शव की शिनाख्त शुभ के तौर पर की गई। जिस जंगल में लाश मिली है वह झांसी-मिर्जापुर नेशनल हाइवे से करीब 250 मीटर दूर है। शंकरगढ़ यानी बच्चे के घर से करीब 40 किमी. दूर है।

बच्चे की लाश का हाथ-पैर बांधा हुआ था। मुंह में कपड़ा ठूंसा हुआ था। बरगढ़ थाना प्रभारी अंजनी कुमार सिंह ने बताया कि शुरुआती जांच के आधार पर ऐसा लग रहा है कि सिर पर भारी पत्थर मारकर बच्चे की हत्या की गई है। सिर और कान में गंभीर चोट के निशान है। लाश को कर्वी में पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट के बाद हत्या कैसे की गई यह स्पष्ट हो जाएगा।

पढ़ें  सीएए को लेकर यूपी में पुलिस का हाई अलर्ट, हिंसा से निपटने की क्या है तैयारी? डीजीपी ने दी जानकारी

रोते-रोते बेहोश हो रही मां, कह रही-15 लाख दिए होते तो बेटा बच जाता

इकलौते बेटे की हत्या के बाद पुष्पराज केसरवानी और बच्चे की मां बेसुध हैं। मां रो-रोकर बेहोश हो जा रहीं हैं। वह बार-बार पति से कह रही हैं कि हमने कहा था रुपए दे दो। मेरे कलेजे के टुकड़े को कुछ नहीं होना चाहिए। आप नहीं माने। रुपए दे दिए होते तो मेला लाल बच जाता। परिवार और रिश्तेदार पुष्पराज और उसकी पत्नी को संभालने में लगे हैं। शुभ शंकरगढ़ के ही एक स्कूल में कक्षा 8 का छात्र था।

पुलिस की वर्किंग पर उठे सवाल?

किडनैपिंग के बाद बच्चे की हत्या के बाद पुलिस में हड़कंप मच गया। इस पूरे मामले में पुलिस की वर्किंग पर बच्चे का परिवार और रिश्तेदार सवाल उठा रहे हैं। परिवार का कहना है कि पुलिस ने गुमशुदगी पर एक्शन नहीं लिया। अगर उसी वक्त पुलिस एक्टिव हो जाती तो बच्चे की हत्या को रोका जा सकता था। सिर्फ यही नहीं, फिरौती की कॉल का पता चलने के बाद पुलिस एक्टिव हुई। उसमें भी गोपनीय तरीके से जांच नहीं की। परिजनों ने आशंका जताई कि किडनैपर्स को इस बात का अंदाजा हो गया था कि पुलिस को सूचना मिल गई है। इसलिए, पकड़े जाने के डर से बच्चे की हत्या कर दी गई।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment