ग्लेन मैक्सवेल ने दोहरा शतक जड़ लगाई रिकॉर्ड्स की झड़ी, रन चेज में रच दिया इतिहास

Sanchar Now
3 Min Read

ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने मंगलवार को वर्ल्ड कप 2023 में अफगानिस्तान के खिलाफ अद्भुत और अविश्वसनीय जीत दिलाई। उन्होंने वानखेड़े स्टेडियम में 292 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए डबल सेंचुरी जड़ी और ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट से विजयी परचम फहराया। मैक्सवेल ने 128 गेंदों में 21 चौकों और 10 छक्कों की मदद से नाबाद 201 रन बनाए। मैक्सवेल ने उस वक्त मोर्चा संभाला, जब ऑस्ट्रेलियाई टीम 91 रन पर 7 विकेट गंवाकर जूझ रही थी। मैक्सवेल ने कप्तान पैट कमिंस (69 गेंदों में नाबाद 12) के साथ आठवें विकेट के लिए 202 रन की अटूट साझेदारी की। ऑस्ट्रेलिया ने सेमीफाइनल में एंट्री कर ली है। मैक्सेवल ने डबल सेंचुरी ठोककर रिकॉर्ड्स की झड़ी लगा दी। चलिए, आपको उनके 6 धांसू रिकॉर्ड के बारे में बताते हैं।

मैक्सवेल वनडे इतिहास में लक्ष्य का पीछा करते हुए दोहरा शतक जड़ने वाले इकलौते क्रिकेटर बन गए हैं। उनसे पहले वनडे में रन चेज में सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर पाकिस्तान के ओपनर फखर जमान का था, जिन्होंने 2021 में साउथ अफ्रीका के विरुद्ध 193 रन बनाए। उनके बाद लिस्ट में ऑस्ट्रेलिया के पूर्व ऑलराउंडर शेन वाटसन (नाबाद 185), पूर्व भारतीय कप्तान एमएस धोनी (नाबाद 183) और दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली (183) हैं। मैक्सवेल साथ ही ऑस्ट्रेलिया के लिए वनडे में डबल सेंचुरी लगाने वाले पहले खिलाड़ी बन गए हैं। वहीं, मैक्सवेल वनडे क्रिकेट में सबसे तेज दोहरा शतक मारने वाले दूसरे बल्लेबाज हैं। उनसे आगे भारत के ईशान किशान हैं, जिन्होंने 126 गेंदों में यह कमाल किया। वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल तीसरे नंबर पर हैं। उन्होंने 138 गेंदों में ऐसा किया।

पढ़ें  जन्मदिन पर Munawar Faruqui ने जीता Bigg Boss Season 17 का खिताब, डोंगरी वासियों ने यूं मनाया जीत का जश्न

मैक्सवेल ने वनडे में नॉन ओपनर बल्लेबाज के रूप में सबसे बड़ा स्कोर बनाने का कारनामा अंजाम दिया है। उन्होंने  जिम्बाब्वे के चार्ल्स कोवेंट्री को पछाड़ा, जिन्होंने 2009 में बांग्लादेश के आगे नाबाद 194 रन जोड़े थे। उनके बाद सूची में वेस्टइंडीज के महान क्रिकेटर विव रिचर्ड्स (नाबाद 189 बनाम इंग्लैंड 1994) हैं। मैक्सवेल ने वर्ल्ड कप में तीसरा हाईएस्ट इंडिविजुअल स्कोर बनाया है। वर्ल्ड कप में सबसे बड़ी पारी का रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के मार्टिन गुप्टिल के नाम दर्ज है। गुप्टिल ने 2015 में वेस्टइंडीज के सामने नाबाद 237 रन की पारी खेली थी। दूसरे नंबर पर गेल (215 बनाम जिम्बाब्वे 2015) हैं। मैक्सवेल इसके अलावा वर्ल्ड कप इतिहास में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। वह कुल 43 छक्के जमा चुके हैं। उन्होंने एबी डिविलियर्स का रिकॉर्ड ध्वस्त किया, जिनके खाते में 37 सिक्स हैं। गेल (49) टॉप पर हैं जबकि भारत के कप्तान रोहित शर्मा (45) दूसरे स्थान पर हैं।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment