फर्जीवाड़े में फंसे एक्टर नवाजुद्दीन सिद्दीकी के बड़े भाई, अयाजुद्दीन को मुजफ्फरनगर पुलिस ने किया गिरफ्तार

Sanchar Now
2 Min Read

मुजफ्फरनगर: यूपी के मुजफ्फरनगर की थाना बुढाना पुलिस ने फर्जी तरीके से डीएम कोर्ट की ओर से चकबंदी विभाग को आदेश पत्र जारी करने के आरोप में नवाजुद्दीन सिद्दीकी के बड़े भाई अयाजुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया। डीएम कोर्ट के पेशकार राजकुमार ने पौने दो महीने पहले थाना बुढाना में धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं में अयाजुद्दीन और उनके विरोधी पक्ष के जावेद के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराया था।

फिल्म अभिनेता के बड़े भाई अयाजुद्दीन पुत्र नवाबुद्दीन निवासी मौहल्ला काजीवाड़ा कस्बा बुढ़ाना का जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। आरोप है कि उन्होंने 12 दिसंबर 2023 को अपनी खेती की जमीन के लिए विपक्षी जावेद इकबाल के साथ चल रहे विवाद में प्रार्थना पत्र के साथ डीएम कोर्ट से आठ दिसंबर 2023 को जारी एक आदेश पत्र की प्रति चकबंदी विभाग के कार्यालय को दी थी। इसके साथ ही उन्होंने प्रकरण का निस्तारण उसके पक्ष में करने का आग्रह किया था। इसी बीच डीएम कोर्ट से ऐसा कोई भी आदेश नहीं होने की जानकारी मिलने पर कथित आदेश पत्र की जांच कराई गई। इसके लिए उप जिलाधिकारी बुढ़ाना ने 29 फरवरी 2024 को अपनी जांच रिपोर्ट पेश की।

डीएम के पेशकार ने दी तहरीर

इस जांच के निष्कर्ष में कहा गया कि ऐसा लगता है कि डीएम कोर्ट से कथित फर्जी आदेश अयाजुद्दीन और उसके विरोधी पक्ष जावेद इकबाल ने एक-दूसरे को हानि पहुंचाने के लिए तैयार कराया है। एसडीएम की जांच में भी यह साफ नहीं हुआ कि डीएम कोर्ट का यह फर्जी आदेश दोनों में से किसने तैयार कराया। इसके बाद एडीएम प्रशासन नरेन्द्र बहादुर ने जांच की, उनकी जांच में भी आदेश फर्जी पाया गया। इसके बाद मार्च 2024 में डीएम के पेशकार की तहरीर पर अयाजुद्दीन और जावेद इकबाल के विरुद्ध आईपीसी की धारा 420, 467, 468 और 471 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। थाना बुढाना प्रभारी निरीक्षक आनंद देव मिश्रा ने बताया कि मामले में आरोपित अयाजुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया गया है।

पढ़ें  धोनी के सामने 'RCB-RCB' के नारों से गूंज उठा चेपॉक स्टेडियम, वीडियो हुआ वायरल
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment