ऑपरेशन सिंदूर, ब्रह्मोस मिसाइल… ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ के उद्घाटन के मौके पर PM मोदी की 5 बड़ी बातें

Sanchar Now
5 Min Read

लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल के लोकार्पण के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश को संबोधित करते हुए इसे प्रेरणा, एकता और राष्ट्र निर्माण का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि आज लखनऊ की यह धरती एक नए राष्ट्रीय संकल्प की साक्षी बन रही है, जो आने वाली पीढ़ियों को देश सेवा के लिए प्रेरित करेगी।

क्रिसमस और महान विभूतियों की जयंती का विशेष संयोग

प्रधानमंत्री मोदी ने सभी देशवासियों को क्रिसमस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पर्व सभी के जीवन में खुशियां और शांति लेकर आए। उन्होंने कहा कि 25 दिसंबर का दिन भारत के लिए ऐतिहासिक महत्व रखता है, क्योंकि इसी दिन भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी और महामना मदन मोहन मालवीय का जन्म हुआ था। इन दोनों महान विभूतियों ने भारत की एकता को सुदृढ़ किया और राष्ट्र निर्माण में अमिट योगदान दिया। इसी दिन महाराजा बिजली पासी की जयंती भी है, जिनकी वीरता, सुशासन और समावेशी सोच की विरासत को पासी समाज ने गर्व के साथ आगे बढ़ाया है।

श्यामा प्रसाद मुखर्जी और अनुच्छेद 370 पर निर्णायक कदम

प्रधानमंत्री ने कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी ने देश को दिशा देने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई। उन्होंने दो विधान और दो प्रधान की व्यवस्था का विरोध कर राष्ट्रीय एकता का मार्ग प्रशस्त किया। आजादी के बाद जम्मू-कश्मीर में यह व्यवस्था भारत की अखंडता के लिए बड़ी चुनौती थी। उन्होंने गर्व के साथ कहा कि भाजपा सरकार को अनुच्छेद 370 को समाप्त करने का अवसर मिला और आज जम्मू-कश्मीर में भारतीय संविधान पूरी तरह लागू है। डॉ. मुखर्जी ने स्वतंत्र भारत के पहले उद्योग मंत्री के रूप में आर्थिक आत्मनिर्भरता की नींव रखी थी, जिसे आज नई ऊंचाइयों तक ले जाया जा रहा है।

पढ़ें  एक दूजे का हाथ पकड़कर ट्रेन के आगे कूद पड़े युवक-युवती, टुकड़ों में बिखर गए दोनों के शव

आत्मनिर्भर भारत और लखनऊ का डिफेंस कॉरिडोर

पीएम मोदी ने आत्मनिर्भर भारत अभियान की चर्चा करते हुए कहा कि मेड इन इंडिया उत्पाद अब वैश्विक पहचान बना चुके हैं। उत्तर प्रदेश में एक जनपद एक उत्पाद योजना से छोटे उद्योगों को मजबूती मिली है। इसके साथ ही राज्य में एक विशाल डिफेंस कॉरिडोर का निर्माण हो रहा है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान दुनिया ने जिस ब्रह्मोस मिसाइल की ताकत देखी, वह अब लखनऊ में बन रही है। आने वाले समय में लखनऊ डिफेंस उत्पादन के बड़े केंद्र के रूप में जाना जाएगा।

अंत्योदय दर्शन और सच्चा सामाजिक न्याय

प्रधानमंत्री मोदी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय दर्शन को सरकार की नीतियों का आधार बताया। उन्होंने कहा कि भारत की प्रगति का पैमाना अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति की मुस्कान है। सरकार का संकल्प है कि हर जरूरतमंद और हर लाभार्थी तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। इसी भावना से सुशासन, सच्चा सामाजिक न्याय और वास्तविक सेक्युलरिज्म संभव होता है। आज देश के करोड़ों नागरिकों को बिना भेदभाव पक्का मकान, शौचालय, नल से जल, बिजली और गैस कनेक्शन मिल रहे हैं।

गरीबी उन्मूलन और सामाजिक सुरक्षा का विस्तार

प्रधानमंत्री ने कहा कि करोड़ों लोगों को मुफ्त इलाज और अनाज की सुविधा दी जा रही है। बीते एक दशक में करोड़ों भारतीयों ने गरीबी को पीछे छोड़ा है, क्योंकि सरकार ने अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति को प्राथमिकता दी। उन्होंने बताया कि 2014 से पहले लगभग 25 करोड़ लोग सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के दायरे में थे, जबकि आज करीब 95 करोड़ लोग इस सुरक्षा कवच से जुड़े हैं। उत्तर प्रदेश में भी बड़ी संख्या में लोगों को इन योजनाओं का लाभ मिला है।

पढ़ें  कानपुर: जूडो चैंपियनशिप में लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी, दिल्ली यूनिवर्सिटी के खिलाड़ियों के बीच जमकर चले लात-घूंसे

महाराजा बिजली पासी को श्रद्धांजलि और ऐतिहासिक स्मरण

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह एक विशेष संयोग है कि वर्ष 2000 में अटल बिहारी वाजपेयी ने महाराजा बिजली पासी के सम्मान में डाक टिकट जारी किया था। उन्होंने अटल बिहारी वाजपेयी, मदन मोहन मालवीय और महाराजा बिजली पासी को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

राष्ट्र प्रेरणा स्थल: विचारों की अमर धरोहर

प्रधानमंत्री ने कहा कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल उन विचारों का प्रतीक है, जिन्होंने भारत को आत्मसम्मान, एकता और सेवा का मार्ग दिखाया। डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय और अटल बिहारी वाजपेयी की विशाल प्रतिमाएं जितनी ऊंची हैं, उनसे मिलने वाली प्रेरणा उससे भी कहीं अधिक ऊंची और स्थायी है।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment