PM मोदी ने देश को दी गणतंत्र दिवस की बधाई, बोले- ‘ये भारत की आन-बान और शान का प्रतीक…’

Sanchar Now
2 Min Read

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं और साल 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया। पीएम मोदी ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट से एक पोस्ट में लिखा, ‘सभी देशवासियों को गणतंत्र दिवस की बहुत-बहुत बधाई। भारत की आन-बान और शान का प्रतीक यह राष्ट्रीय महापर्व आप सभी के जीवन में नई ऊर्जा और नए उत्साह का संचार करे। विकसित भारत का संकल्प और अधिक सुदृढ़ हो, यही कामना है।’

उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा ‘गणतंत्र दिवस हमारी स्वतंत्रता, संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का सशक्त प्रतीक है। यह पर्व हमें एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ आगे बढ़ने की नई ऊर्जा और प्रेरणा देता है।’ प्रधानमंत्री ने लिखा ‘‘पारतन्त्र्याभिभूतस्य देशस्याभ्युदयः कुतः। अतः स्वातन्त्र्यमाप्तव्यमैक्यं स्वातन्त्र्यसाधनम्॥’

भारत आज 77वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के नेतृत्‍व में राजधानी दिल्‍ली में कर्तव्‍य पथ पर गणतंत्र दिवस के मुख्य समारोह का आयोजन हो रहा है। गणतंत्र दिवस परेड राष्ट्रीय एकता की एक शक्तिशाली प्रतीक है, जो भारत की सैन्य शक्ति, सांस्कृतिक विविधता, राष्ट्रीय एकता और तकनीकी प्रगति को प्रदर्शित करती है।

यूरोपीय परिषद की अध्यक्ष हैं मुख्य अतिथि

यूरोपीय परिषद के अध्यक्ष एंटोनियो लुइस सैंटोस दा कोस्टा और यूरोपीय आयोग की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन गणतंत्र दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। भारत को 15 अगस्त 1947 को अंग्रेजों से आजादी तो मिल गई थी लेकिन 26 जनवरी 1950 को भारत एक संप्रभु लोकतांत्रिक गणराज्य घोषित हुआ। ठीक 76 वर्ष पहले आज ही के दिन भारत का संविधान लागू हुआ था।

पढ़ें  आज ED के सामने पेश होंगे शिल्पा शेट्टी के पति राज कुंद्रा, मनी लॉन्ड्रिंग से जुड़ा है मामला

कर्तव्य पथ पर मुख्य समारोह में सुबह 10:30 बजे परेड की शुरूआत होगी, जो करीब 90 मिनट तक चलेगी। परेड की शुरुआत प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्रीय समर स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि देने से होगी। इसके बाद वह कर्तव्य पथ पर सलामी मंच पर परेड देखने के लिए पहुंचेंगे।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment