काशी से PM मोदी का स्वदेशी अपनाने का आह्वान, बोले- आज से घर में केवल भारतीय वस्तुएं ही आएं

Sanchar Now
5 Min Read

वाराणसी: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अपने संसदीय क्षेत्र वाराणसी में एक जनसभा को संबोधित करते हुए वैश्विक आर्थिक अस्थिरता के बीच स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर जोर दिया। उन्होंने भारतीय किसानों, लघु उद्योगों और नौजवानों के रोजगार को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए ‘वोकल फॉर लोकल’ मंत्र को अपनाने की अपील की। 53 मिनट के अपने भाषण में, अंतिम छह मिनट में उन्होंने स्वदेशी वस्तुओं को बढ़ावा देने का संदेश दिया।

वैश्विक आर्थिक अस्थिरता और भारत का हित

मोदी ने वैश्विक अर्थव्यवस्था की अनिश्चितताओं पर चिंता जताते हुए कहा, “आज दुनिया की अर्थव्यवस्था कई आशंकाओं से गुजर रही है। ऐसे में सभी देश अपने हितों को प्राथमिकता दे रहे हैं। भारत भी तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है, इसलिए हमें अपने आर्थिक हितों को लेकर सजग रहना होगा।” उन्होंने जोर देकर कहा कि किसानों, लघु उद्योगों और नौजवानों का हित सरकार की प्राथमिकता है।

‘वोकल फॉर लोकल’: स्वदेशी का संकल्प

प्रधानमंत्री ने देशवासियों से स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, “हम उन वस्तुओं को खरीदेंगे, जिन्हें बनाने में किसी न किसी भारतीय का पसीना बहा है। यह वस्तुएं भारतीय कौशल और मेहनत का प्रतीक हैं।” उन्होंने व्यापारियों से स्वदेशी माल बेचने और नागरिकों से त्योहारों व शादियों के मौके पर स्वदेशी उत्पाद खरीदने की अपील की। मोदी ने कहा, हमारे घर में जो भी नया सामान आएगा, वह स्वदेशी होगा।

किसानों के लिए सरकार की प्रतिबद्धता

पीएम मोदी ने सरकार की किसान-केंद्रित नीतियों पर प्रकाश डाला और कहा कि पहले की सरकारों में किसानों के लिए घोषणाएं पूरी नहीं होती थीं, लेकिन उनकी सरकार ने यह बदल दिया। उन्होंने पीएम किसान सम्मान निधि का उदाहरण देते हुए बताया कि इस योजना के तहत अब तक 3.75 लाख करोड़ रुपये किसानों के खातों में हस्तांतरित किए गए हैं। उत्तर प्रदेश के 2.5 करोड़ किसानों को 90 हजार करोड़ रुपये और काशी के किसानों को 900 करोड़ रुपये मिले। उन्होंने पारदर्शिता पर जोर देते हुए कहा, बिना किसी कट या बिचौलियों के, पैसा सीधे खातों में पहुंचता है।

पढ़ें  दिल्ली में स्कूलों के बाद अस्पतालों को बम से उड़ाने की धमकी, संजय गांधी और बुराड़ी अस्पताल को ईमेल

नई योजनाएं और महिला सशक्तीकरण

प्रधानमंत्री ने हाल ही में मंजूर प्रधानमंत्री धन धान्य कृषि योजना का उल्लेख किया, जिसके तहत 24 हजार करोड़ रुपये खर्च कर पिछड़े जिलों में कृषि उत्पादन और आय बढ़ाने पर ध्यान दिया जाएगा। उन्होंने ‘लखपति दीदी’ अभियान की भी सराहना की, जिसका लक्ष्य तीन करोड़ महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। अब तक 1.5 करोड़ से अधिक महिलाएं इस अभियान से लाभान्वित हो चुकी हैं।

जनधन योजना और केवाईसी अभियान

मोदी ने जनधन योजना के 10 साल पूरे होने का जिक्र किया, जिसके तहत 55 करोड़ गरीबों के बैंक खाते खोले गए। उन्होंने बताया कि अब केवाईसी अपडेट के लिए बैंकों द्वारा ग्राम पंचायतों में शिविर लगाए जा रहे हैं, और एक लाख ग्राम पंचायतों में यह काम पूरा हो चुका है।

काशी में विकास और समावेशी पहल

प्रधानमंत्री ने ‘काशी सांसद प्रतियोगिता’ से संबंधित वेबसाइट, पंजीकरण पोर्टल और क्यूआर कोड का लोकार्पण किया। उन्होंने ‘सांसद पर्यटक गाइड प्रतियोगिता’ के जरिए कौशल विकास पर जोर दिया और आगामी ‘काशी सांसद फोटोग्राफी प्रतियोगिता’ व ‘सांसद रोजगार मेला’ की घोषणा की।

राष्ट्रीय वयोश्री योजना के तहत, हुडको और आईडीबीआई के सीएसआर फंड से काशी के दो हजार दिव्यांगों को सहायक उपकरण वितरित किए गए। पीएम मोदी ने व्यक्तिगत रूप से कुछ लाभार्थियों को उपकरण प्रदान किए, जिनमें दृष्टिबाधित छात्रा बबली कुमारी को लो विजन चश्मा, संतोष कुमार पांडेय और विकास कुमार पटेल को स्पोर्ट्स व्हीलचेयर, किशुन को श्रवण यंत्र और शिक्षिका सीता कुमारी पाल को मोटराइज्ड ट्राई साइकिल शामिल हैं।

इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और वाराणसी के जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

पढ़ें  बाइक सवार बदमाशों ने CO आफिस के पास कैश कलेक्शन एजेंट पर पिस्टल तानी, दस लाख रुपये लूटे
Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment