उमेश पाल हत्याकांड में पुलिस ने 1000 पन्नों की चार्जशीट दाखिल, जानिए अतीक-अशरफ के बाद किसे बनाया आरोपी?

Sanchar Now
4 Min Read

प्रयागराज के चर्चित उमेश पाल हत्याकांड में आज पहली चार्जशीट दाखिल हो गई है. राजू पाल हत्याकांड के मुख्य गवाह उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनर की बदमाशों ने 24 फरवरी को हत्या कर दी थी. प्रयागराज पुलिस ने घटना के तीन दिन बाद 27 फरवरी के दिन सदाकत अली को गिरफ्तार किया था. सदाकत की गिरफ्तारी के 90 दिन पूरे होने से पहले अब पुलिस ने उसके खिलाफ चार्जशीट दायर कर दिया है.

उमेश पाल हत्याकांड में दाखिल की गई चार्जशीट में सदाकत अली को इस घटना की साजिश में शामिल होने, शूटर्स की मदद करने का आरोप है. सदाकत अली के खिलाफ दायर चार्जशीट में ये भी कहा गया है कि वह मुस्लिम बोर्डिंग हॉस्टल के साथ ही अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन के घर होने वाली मीटिंग्स में भी शामिल होता था.

चार्जशीट के मुताबिक उमेश पाल की हत्या को लेकर शाइस्ता के घर पर हुई कई मीटिंग्स में सदाकत अली शामिल रहा है. जानकारी के मुताबिक उमेश पाल हत्याकांड में सीओ धूमनगंज ने कोर्ट में चार्जशीट दाखिल की. ये चार्जशीट केवल सदाकत अली के खिलाफ ही दाखिल की गई है.

27 फरवरी को गिरफ्तार हुआ था सदाकत

उमेश पाल की 24 फरवरी को हुई हत्या के अगले दिन पत्नी जया पाल ने अतीक अहमद और अन्य के खिलाफ केस दर्ज कराया था. प्रयागराज पुलिस ने 27 फरवरी को इस मामले में छात्र नेता सदाकत अली को गिरफ्तार किया था. उमेश पाल हत्याकांड में ये प्रयागराज पुलिस की ओर से की गई पहली गिरफ्तारी भी थी.

पढ़ें  अतीक की पत्नी शाइस्ता पर ED का शिकंजा, मनी लॉन्ड्रिंग में चार्जशीट फाइल

उमेश पाल हत्याकांड में पहली गिरफ्तारी के 90 दिन पूरे होने से पहले पुलिस ने कोर्ट में चार्जशीट दायर कर दी है. इससे पहले अटकलें लगाई जा रही थीं कि प्रयागराज पुलिस की इस पहली चार्जशीट में सदाकत अली, अतीक अहमद के नौकर राकेश लाला समेत छह आरोपियों के नाम शामिल हो सकते हैं.

24 फरवरी को हुई थी उमेश पाल की हत्या

गौरतलब है कि बदमाशों ने बहुजन समाज पार्टी के विधायक रहे राजू पाल की हत्या के मामले में मुख्य गवाह उमेश पाल पर 24 फरवरी को गोलीबारी कर दी थी. उमेश पाल गाड़ी से निकलकर जब अपने घर की ओर भागे, तब बदमाशों ने उनको निशाना बनाकर बम भी फेंके थे.

उमेश पाल और दो गनर की हुई थी हत्या

इस हमले में गंभीर रूप से घायल उमेश पाल और उनके दो गनर को आसपास के लोगों ने उपचार के लिए तत्काल स्वरूप रानी नेहरू अस्पताल पहुंचाया जहां उपचार के दौरान तीनों की मौत हो गई थी. उमेश पाल हत्याकांड में अतीक अहमद का नाम सामने आया था. अतीक अहमद और अशरफ अहमद पर उमेश पाल की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा था.

मारे जा चुके कई आरोपी

उमेश पाल की हत्या के अगले उनकी पत्नी जया पाल ने अतीक अहमद, अशरफ अहमद, शाइस्ता, असद के साथ ही शूटर अरमान, गुलाम, गुड्डू मुस्लिम और साबिर के खिलाफ केस दर्ज किया था. इनमें से अतीक और अशरफ समेत छह आरोपी मारे जा चुके हैं. शाइस्ता और गुड्डू मुस्लिम समेत तीन आरोपी अब भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर हैं.

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment