यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2023 स्वागत की तैयारी पूरी, आज राष्ट्रपति करेंगी उद्घाटन

Sanchar Now
4 Min Read

संचार न्यूज़। उत्तर प्रदेश का पहला व्यापार मेला यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 21 से 25 सितंबर तक सभी के स्वागत के लिए तैयार है। यह मेला पिछले कुछ सालों में उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में शानदार विकास की झलक दिखाएगा। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट के परिसर में प्रेस वार्ता आयोजन किया गया जिसमें बताया गया कि यूपी सरकार अपने प्रदेश के व्यापार नवाचार समृद्ध संस्कृति शिल्प और व्यंजनों को प्रदर्शित करेगी।

दरअसल, यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो (यूपीआईटीएस) 2023 का भव्य उद्घाटन 21 सितंबर को किया जाएगा। पहले यूपी ट्रेड शो का उद्घाटन भारत की राष्ट्रपति द्रोपति मुर्मू द्वारा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में किया जाएगा। यूपी सरकार के औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल (नंदी) सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग मंत्री राकेश सचान और लोक निर्माण मंत्री बृजेश सिंह भी इस कार्यक्रम में उपस्थित रहेंगे। बुधवार को हुई प्रेस वार्ता में औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता (नंदी), अपर मुख्य सचिव सूक्ष्म एवं लघु मध्यम उद्यम तथा निर्यात प्रोत्साहन अमित मोहन प्रसाद, उद्योग सचिव प्रांजल यादव और एक्सपोमार्ट के निदेशक उद्योग राकेश कुमार सिंह, अतिरिक्त निदेशक उद्योग राजकमल यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

औद्योगिक विकास मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ने कार्यक्रम के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन अर्थव्यवस्था बनने के लिए प्रदेश सरकार लगातार प्रयास कर रही है। यह शो राज्य की क्षमता को बढ़ाने में मदद करेगा चाहे वह निर्यात हो, व्यापार हो या उद्योग हो। उन्होंने कहा कि हमने कई देशों के दूतावासों से संपर्क किया और इसके परिणाम स्वरुप 400 से अधिक खरीदारों ने इस कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज करने की पुष्टि की है। उन्होंने आशा जताई कि यूपीआईटीएस भी बीते फरवरी में हुए इन्वेस्टर सबमिट की तरह ही भव्य होगा। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश असीम अवसरों का राज्य है जहां पर देश भर के लोग अपने उद्योग स्थापित करना चाहते हैं और दुनिया भर के लोग यूपी में निवेश करने के इच्छुक हैं। इस कार्यक्रम से राज्य को दुनिया भर में पहचान मिलेगी।

पढ़ें  यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के दूसरे संस्करण का 25 सितंबर से ग्रेटर नोएडा में होगा आयोजन

इस मौके पर अमित मोहन प्रसाद ने कहा कि इस आयोजन में एक तरफ उद्योगों के बड़े-बड़े खिलाड़ी भाग ले रहे हैं वहीं दूसरी तरफ सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्योग से भी लोग यहां एकजुट होंगे। यह मल्टीसेक्ट्रोल और मल्टी प्रोडक्ट शो है जो यूपी की संपूर्ण बिजनेस रेंज को प्रदर्शित करेगा। इसमें 60 हजार से अधिक खरीदारों ने रजिस्ट्रेशन का आंकड़ा पार कर लिया है।

इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट के अध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि शो में न केवल उद्योग और व्यापार जगत के लोग भाग लेंगे बल्कि हमने छात्र और विश्वविद्यालयो को भी इस आयोजन से जोड़ा है। इस मेले में राज्य के प्रमुख विश्वविद्यालय अपने ज्ञान सत्र आयोजित करेंगे। हॉल नंबर 14 और 15 में स्टार्टअप्स और नए उद्योगों को जगह दी गई है। इस मेले में आम लोगों को सार्वजनिक समय के दौरान शो देखने की निशुल्क प्रवेश मिलेगी।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment