‘जय संतोषी मां’ के प्रोड्यूसर सतराम रोहरा का निधन, ‘शोले’ को भी टक्कर दे गई थी इनकी फिल्म

Sanchar Now
3 Min Read

साल 1975 में आई सुपरहिट और रिकॉर्ड ब्रेकिंग फिल्म ‘जय संतोषी मां’ के प्रोड्यूसर दादा सतराम रोहरा अब इस दुनिया में नहीं हैं। उनका 18 जुलाई को 85 साल की उम्र में निधन हो गया। सिंधी समुदाय में दादा सतराम रोहरा का बड़ा नाम था। रेडियो सिंधी ने इंस्टाग्राम पर सतराम रोहरा के निधन की जानकारी दी। दादा सतराम रोहरा एक सिंगर भी थे। उन्होंने कई हिट फिल्में प्रोड्यूस की थीं, जिनमें ‘जय संतोषी मां’ के अलावा ‘हाल ता भाजी हालूं’ जैसे नाम शामिल हैं।

रेडियो सिंधी द्वारा इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए पोस्ट में लिखा है, ‘हमें यह बताते हुए बहुत दुख हो रहा है कि मशहूर सिंगर और फिल्म प्रोड्यूसर दादा सतराम रोहरा का 18 जुलाई, 2024 को निधन हो गया। ईश्वर उनकी महान आत्मा को शांति दे और इस कठिन समय में उनके परिवार को शक्ति दे। दादा सतराम रोहरा ने दादा राम पंजवानी, भगवंती नवानी, कमला केसवानी और कई अन्य मशहूर सिंगर्स के साथ कई सुपरहिट गाने दिए।’

‘सतराम रोहरा की कमी कोई नहीं भर सकता’

पोस्ट में आगे लिखा है, ‘उन्होंने ब्लॉकबस्टर सिंधी फिल्म ‘हाल ता भाजी हालूं’ और हिंदी फिल्म ‘जय संतोषी मां’ को प्रोड्यूस किया था। वह एकमात्र व्यक्ति हैं, जो महान गायिका लता मंगेशकर को सिंधी गाना गाने के लिए मना पाए। दादा सतराम रोहरा का निधन सिंधी समुदाय के लिए बहुत बड़ी क्षति है और उनकी कमी को कोई नहीं भर सकता।’

16 जून, 1939 को सिंधी परिवार में जन्मे दादा सतराम रोहरा ने साल 1966 में फिल्म ‘शेरा डाकू’ के जरिए प्रोडक्शन की दुनिया में कदम रखे थे। इसके बाद उन्होंने ‘रॉकी मेरा नाम’, ‘घर की लाज’, ‘नवाब साहिब’ और ‘जय काली’ जैसी फिल्में प्रोड्यूस कीं। वहीं, उनकी प्रोड्यूस की फिल्म ‘जय संतोषी मां’ ने ‘शोले’ को कड़ी टक्कर दी थी। इस फिल्म ने 1975 में रिलीज होने पर ऐसा करिश्मा दिखाया और रिकॉर्ड बनाए, जो आज तक कोई और फिल्म नहीं बना सकी। लोग थिएटर में फिल्म देखते वक्त पैसे और फूल बरसाते थे। फिल्म में अनीता गुहा मां संतोषी के किरदार में थीं, और लोग उन्हें असल जिंदगी में भी पूजने लगे थे।

पढ़ें  क्या शादी के 4 महीने बाद ही बिजनेसमैन पति से तलाक ले रहीं Arti Singh? एक्ट्रेस ने रूमर्स पर तोड़ी चुप्पी

‘जय संतोषी मां’ की रिकॉर्डतोड़ कमाई

‘जय संतोषी मां’ 1975 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म रही। इसने बॉक्स ऑफिस के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए थे। रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘जय संतोषी मां’ का बजट सिर्फ 5 लाख रुपये था, पर इसने तब करीब 5 करोड़ रुपये कमाए थे, जो आज के हिसाब से 100 गुना अधिक हैं।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment