UP: तेज रफ्तार क्रेटा कार ने दो बाइकों में मारी टक्कर, चचेरे भाइयों समेत तीन की मौत, 18 अप्रैल को होनी थी शादी

Sanchar Now
2 Min Read

हरदोई जिले के लोनार कोतवाली क्षेत्र में जगदीशपुर-शाहाबाद मार्ग पर मोपेड में टक्कर मारकर तेज रफ्तार कार एक बाइक से भिड़ गई। हादसे में मोपेड पर सवार चचेरे भाइयों और बाइक सवार युवक की मौत हो गई। कार सवार मां-बेटा मामूली रूप से घायल हुए हैं। कार चालक मौके से भाग निकला। घटना के बाद कुछ देर तक जाम की स्थिति रही।

बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के शाहपुर बिहिगवां निवासी सर्वेश (40) दिव्यांग था। उसके चचेरे भाई अशोक (22) की शादी 18 अप्रैल को होनी थी। शादी के लिए कपड़ों की खरीदारी करने दोनों मोपेड से बुधवार सुबह लगभग साढ़े 11 बजे घर से निकले थे। इसी दौरान जगदीशपुर-शाहाबाद मार्ग पर तेज रफ्तार कार ने गदाईपुर के पास मोपेड में टक्कर मार दी।

इसके बाद अनियंत्रित हुई कार ने सामने से बाइक पर आ रहे गदाईपुर निवासी नरेश (30) को भी टक्कर मार दी। घटना में सर्वेश और अशोक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि नरेश को गंभीर हालत में जिला अस्पताल भेजा गया। कार में सवार बरेली जनपद के सिद्धूनगर निवासी अमित और उसकी मां सोनी मामूली रूप से चोटिल हो गईं।

मृतकों के परिजनों में मचा कोहराम

इन दोनों को भी जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद इन्हें छुट्टी दे दी गई, लेकिन नरेश को मृत घोषित कर दिया गया। घटना से मृतकों के परिवार में कोहराम मच गया। अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी मार्तण्ड प्रकाश सिंह ने बताया कि कार सवार कानपुर से बरेली जा रहे थे।

तहरीर मिलते ही दर्ज की जाएगी रिपोर्ट

पढ़ें  गर्लफ्रेंड की हत्या कर सिर मुंडवाया और फिर किया गंगा स्नान; प्रेमी ने शव सूटकेस में भरकर सड़क किनारे फेंका

कार और बाइक व मोपेड को पुलिस ने कब्जे में लिया है। मौके पर दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के पड़े रहने के दौरान कुछ देर के लिए आवागमन ठप हो गया था। वाहन हटते ही आवागमन सुचारु रूप से शुरू हो गया था। घटना को लेकर तहरीर मिलते ही रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।

Share This Article
Follow:
Sanchar Now is Digital Media Platform through which we are publishing international, national, states and local news mainly from Western Uttar Pradesh including Delhi NCR through Facebook, YouTube, Instagram, Twitter and our portal www.sancharnow.com
Leave a Comment